Bondada Engineering share price: बोंडाडा इंजीनियरिंग के शेयरों में आज 5 दिसंबर को 3 फीसदी से अधिक की तेजी देखी गई। इस समय यह स्टॉक BSE पर 1.85 फीसदी की बढ़त के साथ 599.85 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, कंपनी को 1089 करोड़ रुपये का नया ऑर्डर मिला है। इस खबर के बाद इसके शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 6479 करोड़ रुपये हो गया। स्टॉक का 52-वीक हाई 753.98 रुपये और 52-वीक लो 74.01 रुपये है।
Bondada Engineering को मिला 1089 करोड़ का ऑर्डर
बोंडाडा इंजीनियरिंग को बिहार रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी से 1089 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला। इस ऑर्डर के दायरे में बिहार राज्य में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत मौजूदा इलेक्ट्रिक पोल पर EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) के आधार पर स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट सिस्टम के रिमोट मॉनिटरिंग सिस्टम की डिजाइन, सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग शामिल है। इसके साथ ही, ऑर्डर में 5 वर्षों के लिए मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट भी शामिल है, जिसे कॉन्ट्रैक्ट के एग्जीक्यूशन से 18 महीने के भीतर पूरा किया जाना है।
Bondada Engineering को पहले भी मिले हैं 1132 करोड़ रुपये के दो ऑर्डर
बोंडाडा इंजीनियरिंग लगातार ऑर्डर हासिल कर रही है। इससे पहले इसने कुल 1132 करोड़ रुपये के दो ऑर्डर हासिल किए थे। ये दोनों ऑर्डर MSKVY 2.0 स्कीम के तहत EPC कॉन्ट्रैक्ट्स हैं, जिसमें महाराष्ट्र के कई जिलों में क्रिस्टलीय ग्राउंड-माउंटेड सोलर पीवी पावर प्लांट डेवलप किया जाना है।
पहला कॉन्ट्रैक्ट 763.16 करोड़ रुपये का है, जिसमें सोलर पीवी प्लांट के डिजाइन, इंजीनियरिंग, सप्लाई, निर्माण, टेस्टिंग और कमीशनिंग के साथ-साथ 33/11 केवी कैपिसिटी पर ईपीसी आधार पर तीन साल का ऑपरशन और मेंटेनेंस शामिल है।
369.08 करोड़ रुपये का दूसरा कॉन्ट्रैक्ट भी इसी दायरे में आता है, लेकिन इसमें पीवी मॉड्यूल की सप्लाई शामिल नहीं है, जो MAHAGENCO द्वारा प्रोवाइड की जाएगी। दोनों कॉन्ट्रैक्ट का मकसद राज्य में एग्रीकल्चर फीडर्स को सोलर एनर्जी से संचालित करना है, जिसमें तीन साल का संचालन और रखरखाव अवधि शामिल है।
एक साल में 627% का बंपर रिटर्न
पिछले एक महीने में बोंडाडा इंजीनियरिंग के शेयरों ने अपने निवेशकों को 5 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले 6 महीने में इसमें 58 फीसदी की तेजी आई है। इस साल अब तक यह स्टॉक 613 फीसदी भाग चुका है। इतना ही नहीं, पिछले एक साल में इसने 627 फीसदी का मजबूत रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।