ब्राइटकॉम ग्रुप (Brightcom Group) ने सोमवार 27 अगस्त को टॉप लीडरशिप में बड़ा बदलाव किया है। बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) की कार्रवाई के बाद कंपनी ने यह अहम फैसला लिया। कंपनी ने एक्सचेंजों को जो जानकारी भेजी है, उसके मुताबिक इसके चेयरमैन और एमडी (CMD) सुरेश रेड्डी और मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) नारायण राजू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। कंपनी के बोर्ड ने नए सीईओ और सीएफओ की तलाश शुरू करने को भी हरी झंडी दे दी है। कंपनी ने लीडरशिप में इस बदलाव पर निगरानी के लिए एक ट्रांजिशन लीडरशिप टीम का प्रस्ताव भी रखा है।
SEBI ने क्यों की कार्रवाई
सेबी ने ब्राइटकॉम ग्रुप पर दो मामलों में कार्रवाई की है। सेबी के मुताबिक बाजार कंपनी ने न सिर्फ अकाउंटिंग फ्रॉड किया है बल्कि शेयरों के प्रिफरेंशियल एलॉटमेंट के मामले में बैंक अकाउंट स्टेटमेंट में भी हेराफेरी की है। इस मामले में सेबी ने कंपनी के सीएमडी और सीएफओ को बोर्ड में कोई भी जगह लेने पर रोक लगा दिया है। सेबी ने इन्हें किसी भी लिस्टेड कंपनी में अहम पद पर रहने या बोर्ड में शामिल होने पर रोक लगाया है। कंपनी का कहना है कि उसने एक इनटर्नल टीम बनाई है जो सेबी के ऑर्डर और उससे पड़ने वाले असर को देखेगी।
Brightcom Group में लगातार तीन दिनों से लोअर सर्किट
बाजार नियामक सेबी की कार्रवाई के चलते ब्राइटकॉम ग्रुप के शेयर धड़ाम हो गए हैं। पिछले तीन कारोबारी दिनों में मार्केट में इसका कोई खरीदार ही नहीं था और शेयर लोअर सर्किट से उबर नहीं पाए। 23 अगस्त को यह करीब 5 फीसदी टूटकर बीएसई पर 22.98 रुपये, फिर अगले कारोबारी दिन 24 अगस्त को 5 फीसदी फिसलकर 21.84 रुपये और फिर अगले ही कारोबारी दिन 5 फीसदी टूटकर 20.75 रुपये पर आ गया।