Q2 results impact : आयशर मोटर्स शुरुआती बढ़त गंवा कर लाल निशान में, जानिए स्टॉक पर ब्रोकरेज की राय
Q2 results impact : आयशर मोटर्स के दूसरी तिमाही के नतीजों के एलान के बाद सिटी ने इस शेयर पर अपनी 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और 9,500 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि कंपनी का दूसरी तिमाही का प्रदर्शन उम्मीदों से थोड़ा कमजोर रहा है। बेहतर ग्रॉस मार्जिन के बावजूद अन्य खर्चों और स्टाफ की लागत में थोड़ी बढ़ोतरी ने इसके प्रदर्शन में कुछ कमजोरी आई है
Eicher Motors Share : मोतीलाल ओसवाल ने आयशर मोटर्स पर अपनी 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 7,420 रुपये तय किया है
Eicher Motors share Price : सोमवार, 16 नवंबर को शुरुआती कारोबार में आयशर मोटर्स के शेयरों में 2 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। रॉयल एनफील्ड बनाने वाली इस कंपनी ने 30 सितंबर, 2026 को समाप्त हुई दूसरी तिमाही के मजबूत नतीजे जारी किए हैं। हालांकि, बाद में शेयर की शुरुआती बढ़त खत्म हो गई। निवेशकों को कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे में बढ़ोतरी की तुलना ऑपरेटिंग मार्जिन पर पड़ने वाला दबाव पसंद नहीं आया है। कच्चे माल की बढ़ती लागत ने मोटरसाइकिल की मजबूत बिक्री से हुए फायदों को बेअसर कर दिया है। फिलहाल यह शेयर 9 रुपए यानी 0.12 फीसदी की गिरावट के साथ 7640 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है। आज का इसका दिन का हाई 7,947 रुपए और दिन का लो 7,592 रुपए है।
कंपनी के वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के नतीजे आने के बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने इसके टारगेट प्राइस बढ़ा दिए हैं। ब्रोकरेज का कहना है कि स्टॉक को मजबूत मांग, त्योहारों के दौरान अच्छी बुकिंग और कंपनी की क्षमता विस्तार की योजनाओं का फायदा मिलेगा। जहां 'एलारा कैपिटल' को इसमें करीब 24% की तेजी की संभावना दिख रही है, वहीं 'मोतीलाल ओसवाल' ने सतर्क रुख अपनाते हुए शेयर का भाव इसके पिछले क्लोजिंग प्राइस से भी कम आंका है।
आयशर मोटर्स के Q2 नतीजे
आयशर मोटर्स ने 13 नवंबर को बताया कि 30 सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही में उनका नेट प्रॉफिट 15% बढ़कर 1,573 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने इस अवधि में अब तक का सबसे अधिक तिमाही रेवेन्यू दर्ज किया है जो 7,422 करोड़ रुपये पर रहा है। यह साल की इसी अवधि के मुकाबले 20% ज्यादा है। दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 16% बढ़कर 1,760 करोड़ रुपये के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। जबकि FY26 की दूसरी तिमाही (Q2) में यह 1,512 करोड़ रुपये पर था। हालांकि, EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 74bps घटकर 23.71% रह गया जो पिछले साल की इसी तिमाही में 24.45% था।
रॉयल एनफील्ड ने 3,76,722 मोटरसाइकिलों की अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री दर्ज की, जो वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में बेची गई 3,27,067 मोटरसाइकिलों के मुकाबले 15% अधिक है।
आयशर मोटर्स को अपने जॉइंट वेंचर 'वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड' (VECV) से मुनाफे के हिस्से के रूप में 186 करोड़ रुपये मिले, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह राशि 135 करोड़ रुपये थी।
स्टॉक पर ब्रोकरेज की राय
सिटी ने इस स्टॉक पर Buy कॉल देते हुए 9,500 रुपए प्रति शेयर का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि ग्रामीण और शहरी बाजारों में डिमांड मजबूत है। फेस्टिव रिटेल और बुकिंग ट्रेंड्स दमदार रहे हैं। कंपनी की इन्वेंट्री सिर्फ 7-8 दिन की है, जबकि सामान्य स्तर 3-4 हफ्ते का होता है।
CLSA ने आयशर मोटर्स को आउटपरफॉर्म रेटिंग देते हुए 8,670 रुपए प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कच्चे माल की महंगाई से मार्जिन पर दबाव देखने को मिल सकता है। कीमतों में बढ़ोतरी और कॉस्ट कटिंग से दबाव कम होगा। Q2FY28 तक 20 लाख यूनिट क्षमता का लक्ष्य है।
नोमुरा की ने इस स्टॉक को न्यूट्रल रेटिंग देते हुए 8,022 रुपए प्रति शेयर का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज की राय है कि 250cc बाइक लॉन्च अहम ट्रिगर हो सकती है। EBITDA मार्जिन 23.7% पर रही है जो 25% के अनुमान के मुकाबले कम है। YTD बुकिंग में 20-21% की बढ़त देखने को मिली है। फेस्टिव सीजन के बाद भी डबल डिजिट ग्रोथ रही है।
आयशर मोटर्स पर एलारा कैपिटल ने खरीदारी की सलाह देते हुए टारगेट प्राइस 9,489 रुपये सेट किया है। ब्रोकरेज की राय है कि स्टॉक यहां से 24% तेजी दिखा सकता है। ब्रोकरेज फर्म रॉयल एनफील्ड की मिड टर्म ग्रोथ संभावनाओं को लेकर पॉजिटिव है। उसका मानना है कि कंपनी के प्रीमियमाइजेशन, मजबूत बुकिंग और तेजी से बढ़ रही उत्पादन क्षमता जैसे फैक्टर्स से सपोर्ट मिलेगा। ब्रोकरेज का कहना है कि घरेलू बाजार से आ रही अच्छी मांग, निर्यात में बढ़ और नए उत्पादों के लॉन्च से आगे अच्छी कमाई होने की उम्मीद है। हालांकि, निकट अवधि में कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी एक बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है।
मोतीलाल ओसवाल ने आयशर मोटर्स पर अपनी 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 7,420 रुपये तय किया है। इसका मतलब है कि स्टॉक की पिछली क्लोजिंग कीमत 7,650 रुपये से इसमें लगभग 3% की गिरावट आ सकती है।
ब्रोकरेज को उम्मीद है कि आयशर मोटर्स का घरेलू कारोबार 16% की सालना दर से बढ़ेगा। एक्सपोर्ट में भी सुधार होने और 12% की दर से बढ़ने का अनुमान है। लेकिन मैनेजमेंट के वॉल्यूम ग्रोथ पर फोकस, इनपुट कॉस्ट में हालिया उछाल और कमोडिटी के बढ़े हुए खर्चों की पूरी तरह से भरपाई न हो पाने के कारण मार्जिन पर दबाव बना रह सकता है। ब्रोकरेज ने बताया कि कैलेंडर ईयर 2026 में अब तक चार बार कीमतें बढ़ाने के बावजूद कंपनी लागत में हुई बढ़ोतरी का केवल 50% ही वसूल कर पाई है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।