बीएसई, एंजल वन और कैपिटल मार्केट्स से जुड़ी दूसरी कंपनियों के शेयरों को 4 सितंबर को पंख लग गए। इसकी वजह मार्केट रेगुलेटर सेबी का एक सर्कुलर है। इसका नाता क्लोजिंग ऑक्शन सेशन यानी CAS से है। आज बाजार खुलते ही एंजल वन के शेयरों में तेजी दिखी। यह 7 फीसदी तक उछल गया।
सेबी CAS को रिव्यू करने को तैयार
ग्रो और मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में भी तेजी दिखी। SEBI ने 3 सितंबर को इश्यू सर्कुलर में कहा है कि वह फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए सेटलमेंट प्राइस निर्धारण के तरीके पर विचार करेगा। रेगुलेटर ने CAS यानी क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के लागू होने के एक महीने बाद उसने इसके रिव्यू की बात कही है। CAS 3 अगस्त को लागू हुआ था।
रेगुलेटर को CAS पर फीडबैक मिले हैं
SEBI ने कहा है कि उसे कई मार्केट पार्टिसिपेंट्स के फीडबैक मिले हैं। इनमें सोशल मीडिया और मीडिय प्लेटफॉर्म्स से मिले फीडबैक भी शामिल हैं। इनमें CAS के जरिए तय क्लोजिंग प्राइस पर आधारित एक्सपायरी के डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट्स के सेटलमेंट प्राइस पर सवाल उठाए गए हैं। इन फीडबैक के बाद सेबी डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट्स के सेटलमेंट प्राइस निर्धारण के तरीके में कुछ बदलाव का प्रस्ताव पेश कर सकता है।
एक हफ्ते में आ सकता है कंसल्टेशन पेपर
रेगुलेटर इस बारे में एक कंसल्टेशन पेपर एक हफ्ते में पेश कर सकता है। बीएसई के एमडी एवं सीईओ सुंदररमण राममूर्ति ने सीएनबीसी-टीवी18 से बातचीत में 3 सितंबर को कहा था कि CAS पर डीलर्स के फीडबैक मिले हैं। इसमें F&O एक्सपायरी और CAS को डीलिंक करने की सलाह दी गई है। CAS को धीरे-धीरे लागू करने का भी सुझाव दिया गया है। उन्होंने कहा था कि सभी फीडबैक जल्द रेगुलेटर को भेज दिए जाएंगे।
इन शेयरों में दिखी जोरदार तेजी
Angle One का शेयर एक समय 7 फीसदी तक चढ़ गया था। बाद में तेजी थोड़ी सुस्त पड़ी। 11 बजे यह 4.81 फीसदी चढ़कर 299.85 रुपये पर चल रहा था। BSE का शेयर 4.50 फीसदी के उछाल के साथ 3,457 रुपये पर चल रहा था। मोतीलाल ओसवाल का शेयर 1.26 फीसदी चढ़कर 1,025.60 रुपये पर चल रहा था। Groww का शेयर 1.89 फीसदी के उछाल के साथ 193.89 रुपये पर चल रहा था। यह शेयर इस साल करीब 25 फीसदी उछला है।