देश का प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 50 आज 19 फरवरी को 22,150.8 की नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। यह इसके पिछले शिखर से अधिक है जो इसने अंतरिम बजट 2024 के एक दिन बाद यानी 2 फरवरी को छुआ था। तब से 11 कारोबारी दिन हुए हैं और इस दौरान इंडेक्स एक बार फिर से शिखर पर है। इसके साथ ही भारत के ब्लू-चिप्स, एशिया का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले टॉप-3 स्टॉक्स बन गए हैं। साल 2024 की शुरुआत से अबतक निफ्टी-50 इंडेक्स में करीब 2.1 फीसदी की तेजी आ चुकी है। वहीं निक्केई में इस दौरान करीब 8% की तेजी आई है और वह प्रदर्शन के मामले में एशियाई स्टॉक मार्केट में सबसे आगे हैं। इसे आप नीचे दिए चार्ट में भी देख सकते हैं।
पिछले रिकॉर्ड के बाद से पिछले 11 कारोबारी सत्रों में शेयर बाजार में तेजी में सबसे अधिक योगदान 6 शेयरों का रहा है। इन सभी 6 शेयरों में 10% से ज्यादा की तेजी आई है। 2 फरवरी के बाद से निफ्टी-50 के टॉप गेनर्स की बात करें तो, इसमें BPCL, SBI, कोल इंडिया, विप्रो, एमएंडएम, बजाज ऑटो, मारुति और ONGC हैं।
हालांकि दूसरी ओर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स अभी भी अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से 1% दूर है लेकिन बीएसई पर सूचीबद्ध सभी शेयरों का बाजार पूंजीकरण अब ₹392 लाख करोड़ (लगभग $4.7 ट्रिलियन) है।
इसके साथ ही भारत का बीएसई अब एक महीने से भी कम समय में दूसरी बार हांगकांग को पीछे छोड़ते हुए पूंजीकरण के हिसाब से दुनिया का चौथा सबसे बड़ा शेयर बाजार बन गया है। 23 जनवरी, 2024 को बीएसई ने पहली बार हांगकांग के शेयर बाजार को पछाड़ दिया।
निफ्टी बैंक अभी भी दिसंबर 2023 में अपने आखिरी हिट 48,636 के रिकॉर्ड उच्च स्तर से 4% दूर है। निफ्टी मिडकैप 100, मिडकैप शेयरों का सूचकांक, 8 फरवरी को रिकॉर्ड ऊंचाई 49,781 से लगभग 1% दूर है। सेंसेक्स और निफ्टी ने इस 23 जनवरी को इस साल का अपना निम्नतम स्तर छुआ था और तबसे इनमें करीब 4.2 फीसदी की तेजी आ चुकी है।