Share Market: टॉप-10 कंपनियों में से 9 की मार्केट वैल्यू पिछले हफ्ते ₹90,319 करोड़ बढ़ी, रिलायंस को हुआ सबसे अधिक फायदा
शेयर बाजार की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 के मार्केट वैल्यू या मार्केट कैपिटलाइजेशन (Market Capitalisation) में पिछले सप्ताह कुल 90,318.74 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ
BSE Sensex पिछले कारोबारी हफ्ते 652.7 अंक या 1.10 फीसदी चढ़कर बंद हुआ
शेयर बाजार की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 के मार्केट वैल्यू या मार्केट कैपिटलाइजेशन (Market Capitalisation) में पिछले सप्ताह कुल 90,318.74 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। शेयर बाजारों में पिछले हफ्ते दिखी तेजी के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) पिछले हफ्ते सबसे अधिक लाभ में रही। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों वाले प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स (BSE Sensex) में पिछले हफ्ते 652.7 अंक या 1.10 फीसदी की तेजी आई। ध्यान दें कि पिछले हफ्ते सिर्फ 3 दिन ही शेयर बाजार में पूरी तरह से कारोबार हुआ था। दिवाली के दिन बाजार सिर्फ 1 घंटे की विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग के खुला था। वहीं बुधवार को दिवाली बलिप्रतिपदा के मौके पर बाजार बंद रहे थे।
टॉप-10 में से इन 9 कंपनियों का बढ़ा मार्केट कैप
इस दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर को छोड़कर टॉप 10 में शामिल बाकी सभी कंपनियों के मार्केट वैल्यूएशन में बढ़ोतरी हुई है। इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के अलावा भारती एयरटेल (Bharti Airtel), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), इंफोसिस (Infosys), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), एचडीएफसी (HDFC), आईटीसी (ITC) और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शामिल हैं।
Reliance Industries को 36,566.82 करोड़ का लाभ
रिलायंस इंडस्ट्रीज का पिछले सप्ताह मार्केट कैपिटलाइजेशन 36,566.82 करोड़ रुपये बढ़कर 17,08,932.42 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं HDFC बैंक का मार्केट कैप 11,195.61 करोड़ रुपये बढ़कर 8,12,378.52 करोड़ रुपये हो गया।
एयरटेल की मार्केट वैल्यू 10,792.67 करोड़ रुपये बढ़ी
भारती एयरटेल की मार्केट वैल्यू 10,792.67 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 4,54,404.76 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। जबकि SBI की बाजार हैसियत 8,879.98 करोड़ रुपये बढ़कर 5,09,372.21 करोड़ रुपये रही।
TCS का मार्केट कैपिटलाइजेशन 8,617.06 करोड़ रुपये बढ़कर 11,57,339.65 करोड़ रुपये रहा। HDFC की मार्केट वैल्यू 8,214.27 करोड़ रुपये बढ़कर 4,36,240.27 करोड़ रुपये रही। इंफोसिस का मार्केट कैप 5,259.92 करोड़ रुपये बढ़कर 6,36,476.13 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर की मार्केट वैल्यू घटी
ICICI बैंक को पिछले सप्ताह के दौरान 568.37 करोड़ रुपये का फायदा हुआ और उसका मार्केट कैप 6,32,832.76 करोड़ रुपये रहा। ITC का वैल्यूएशन 224.04 करोड़ रुपये बढ़कर 4,28,677.66 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसके उलट हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैपिटलाइजेशन 30,509.44 करोड़ रुपये घटकर 5,93,318.79 करोड़ रुपये रह गया।
ये हैं देश की टॉप 10 कंपनियां
देश की टॉप 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बनी हुई है। इसके बाद क्रमश: टीसीएस, HDFC बैंक, इंफोसिस, ICICI बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एसबीआई, भारती एयरटेल, HDFC और ITC का स्थान रहा।
डिस्क्लेमर:मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।