Cable Stocks: केबल स्टॉक्स 8% तक टूटे, JM Financial ने घटाई रेटिंग; चिंता के तीन कारण बताए
Cable Stocks: केबल शेयरों में 8% तक की गिरावट आई है। JM Financial ने Polycab, KEI Industries और RR Kabel की रेटिंग घटा दी है। ब्रोकरेज ने अपने बेयरिश रुख के तीन बड़े कारण बताए हैं। जानिए डिटेल।
JM Financial ने कहा कि मजबूत ग्रोथ के बाद अब केबल स्टॉक्स में वॉल्यूम ग्रोथ पर सवाल उठने लगे हैं।
Cable Stocks: केबल और वायर कंपनियों के शेयरों में बुधवार को जोरदार बिकवाली दिखी। Polycab India, KEI Industries और RR Kabel के शेयर करीब 8% तक टूट गए। JM Financial ने तीनों कंपनियों की रेटिंग घटा दी है। ब्रोकरेज को बढ़ती प्रतिस्पर्धा, कमजोर पड़ती ग्रोथ और ऊंचे वैल्यूएशन की चिंता है।
Polycab India
केबल और वायर कंपनी Polycab India के शेयर में बुधवार को 0.71% की गिरावट आई। शेयर ₹8,832 के स्तर पर बंद हुआ। JM Financial ने शेयर की रेटिंग Buy से घटाकर Add कर दी है। ब्रोकरेज ने ₹9,550 का टारगेट प्राइस दिया है। मतलब स्टॉक में अभी करीब 8.13% तेजी की संभावना है।
KEI Industries
केबल और वायर कंपनी KEI Industries का शेयर 3.48% गिरकर ₹5,162 पर बंद हुआ। JM Financial ने इसकी रेटिंग Buy से घटाकर Add कर दी है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए ₹5,750 का टारगेट प्राइस रखा है। इसमें करीब 11.39% तेजी की गुंजाइश है।
RR Kabel
केबल और वायर कंपनी RR Kabel का शेयर 8.15% टूटकर ₹2,636 पर बंद हुआ। JM Financial ने इसकी रेटिंग Add से घटाकर Reduce कर दी है। ब्रोकरेज ने ₹2,750 का टारगेट प्राइस दिया है। मौजूदा भाव से करीब 4.32% की संभावित बढ़त बनती है।
बढ़ती प्रतिस्पर्धा चिंता की वजह
JM Financial ने कहा कि मजबूत ग्रोथ के बाद अब वॉल्यूम ग्रोथ पर सवाल उठने लगे हैं। ब्रोकरेज के मुताबिक, अगले 12 महीनों में इन कंपनियों की रेवेन्यू ग्रोथ कमजोर पड़ सकती है। नई प्रतिस्पर्धा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।
ब्रोकरेज का अनुमान है कि UltraTech और Diamond Power FY29 तक मिलकर करीब ₹17,000 करोड़ का रेवेन्यू हासिल कर सकती हैं। दोनों कंपनियों की संयुक्त मार्केट हिस्सेदारी 11-12% तक पहुंच सकती है।
सेक्टर की ग्रोथ पर दबाव का अनुमान
JM Financial के मुताबिक, भारतीय केबल और वायर इंडस्ट्री FY29 तक ₹1.52 लाख करोड़ की हो सकती है। हालांकि, नई कंपनियों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा को जोड़ने पर अनुमानित मार्केट साइज ₹1.35 लाख करोड़ रह सकता है।
इस स्थिति में FY26 से FY29 के बीच घरेलू बाजार की ग्रोथ घटकर करीब 10.5% CAGR रह सकती है। इससे मौजूदा कंपनियों की ग्रोथ पर दबाव पड़ने की आशंका है।
वैल्यूएशन और मार्जिन पर भी नजर
ब्रोकरेज के मुताबिक, केबल और वायर कंपनियों के शेयर अभी पांच साल के औसत P/E से 4-5% प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। यह शेयर अपने लॉन्ग टर्म एवरेज P/E से करीब 25% प्रीमियम पर हैं।
JM Financial ने कहा कि ग्रोथ धीमी पड़ने और मार्जिन के पीक पर पहुंचने का सबसे ज्यादा जोखिम Polycab को है। इसके बाद RR Kabel और फिर KEI Industries का नंबर आता है।
बाकी ब्रोकरेज का क्या कहना है?
तीनों कंपनियों पर ज्यादातर ब्रोकरेज अभी भी पॉजिटिव हैं। Polycab India पर 26 की Buy, 8 की Hold और 1 की Sell रेटिंग है। KEI Industries पर 14 Buy, 12 Hold और 1 Sell रेटिंग है। वहीं, RR Kabel पर 10 Buy, 3 Hold और 3 Sell रेटिंग हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।