CAMS Q3 Results: शुद्ध मुनाफा 10% बढ़कर ₹125 करोड़ रहा, डिविडेंड देने का भी ऐलान, शेयर 6% उछले

CAMS Q3 Results: कंप्यूटर एज मैनेजमेंट सर्विसेज (CAMS) के शेयरों में गुरुवार को दिसंबर तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद तेज उछाल देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 6 प्रतिशत तक उछलकर 743 रुपये के स्तर तक चले गए। कंपनी ने बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा करीब 9.9 प्रतिशत बढ़कर 125.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 2:38 PM
Story continues below Advertisement
CAMS Q3 Results: CAMS का दिसंबर तिमाही में रेवेन्यू 3.6 प्रतिशत बढ़कर 390.14 करोड़ रुपये पर पहुंच गया

CAMS Q3 Results: कंप्यूटर एज मैनेजमेंट सर्विसेज (CAMS) के शेयरों में गुरुवार को दिसंबर तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद तेज उछाल देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 6 प्रतिशत तक उछलकर 743 रुपये के स्तर तक चले गए। म्यूचुअल फंड सेवाओं से जुड़ी इस कंपनी ने बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा करीब 9.9 प्रतिशत बढ़कर 125.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 114.2 करोड़ रुपये रहा था।

यह आंकड़ा बाजार की उम्मीदों के मुताबिक रहा। ब्लूमबर्ग के अनुमान के मुताबिक, एनालिस्ट्स दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा लगभग 123 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद जता रहे थे।

रेवेन्यू के मोर्चे पर भी कंपनी का प्रदर्शन स्थिर और पॉजिटिव रहा। CAMS का दिसंबर तिमाही में रेवेन्यू 3.6 प्रतिशत बढ़कर 390.14 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो सितंबर तिमाही में 376.7 करोड़ रुपये रही थी। यह आंकड़ा भी बाजार अनुमानों के लगभग मुताबिक रहा। CNBC-TV18 के एक पोल में एनालिस्ट्स ने कंपनी का रेवेन्यू लगभग 388.2 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था।


ऑपरेटिंग स्तर पर कंपनी की स्थिति और मजबूत हुई है। दिसंबर तिमाही के दौरान CAMS का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) 6.7 प्रतिशत बढ़कर 178.9 करोड़ रुपये हो गया। इसके साथ ही EBITDA मार्जिन में भी 135 बेसिस प्वाइंट का सुधार दर्ज किया गया और यह 44.49 प्रतिशत से बढ़कर 45.85 प्रतिशत पर पहुंच गया।

हालांकि, कंपनी के खर्चों में कर्मचारी लागत थोड़ी बढ़ी है। इस तिमाही में नए लेबर कोड लागू होने के चलते कंपनी को कर्मचारियों से जुड़े खर्चों में अतिरिक्त प्रोविजंस के तौर पर ₹2.9 करोड़ का खर्च शामिल करना पड़ा।

डिविडेंड का ऐलान

नतीजों के साथ-साथ CAMS के बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए अंतरिम डिविडेंड की भी घोषणा की है। कंपनी ने हर शेयर पर 3.5 रुपये के अंतरिंत डिविडेंड की मंजूरी दी है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 30 जनवरी 2026 तय की गई है।

दोपहर 1.45 बजे के करीब, CAMS के शेयर एनएसई पर करीब 4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 727.85 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि, लंबी अवधि के नजरिये से देखें तो पिछले 12 महीनों में CAMS का शेयर अब भी करीब 11 प्रतिशत नीचे है।

यह भी पढ़ें- Stock in Focus: Q3 में 45% बढ़ा मुनाफा, फिर भी 10% टूटा शेयर, फिसलकर आया IPO प्राइस के करीब

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।