Charlie Munger: शेयरों से कमाई में बड़ी काम आ सकती हैं चार्ली मुंगेर की ये 5 इनवेस्टमेंट टिप्स

चार्ली मुंगेर को इनवेस्टमेंट का 'चाणक्य' कहा जा सकता है। बफे के कारोबारी समूह बर्कशायर हैथवे की सफलता में मुंगेर का बड़ा हाथ था। खुद बफे ने यह बात बताई थी। उन्होंने कहा था कि अगर मुंगेर का मार्गदशन नहीं मिला होता तो बर्कशायर हैथवे इस मुकाम पर नहीं होती

अपडेटेड Apr 29, 2026 पर 7:30 AM
Story continues below Advertisement
28 नवंबर, 2023 को मुंगेर का 99 साल की उम्र में देहांत हो गया था।

महान निवेशक और वॉरेन बफेट के दाहिने हाथ माने जाने वाले चार्ली मुंगेर के निवेश सिद्धांत आज भी दुनिया भर के निवेशकों के लिए बाइबिल की तरह हैं। मुंगेर केवल एक निवेशक नहीं, बल्कि एक दार्शनिक थे, जिन्होंने निवेश को 'कॉमन सेंस' के साथ जोड़ा। मुंगेर को इनवेस्टमेंट का 'चाणक्य' कहा जा सकता है। बफे के कारोबारी समूह बर्कशायर हैथवे की सफलता में मुंगेर का बड़ा हाथ था। खुद बफे ने यह बात बताई थी। 28 नवंबर, 2023 को मुंगेर का 99 साल की उम्र में देहांत हो गया था।

बताया जाता है कि मुंगेर के संपर्क में आने से पहले बफे का फोकस सस्ती कंपनियों को खरीदने पर होता था। लेकिन, मुंगेर ने उन्हें बफे 'सस्ती कंपनियां' खरीदने के बजाय 'बेहतरीन कंपनियां सही दाम पर' खरीदने की सलाह दी थी। इस सलाह के बाद निवेश को लेकर बफे के सोचने का तरीका बदल गया। मुंगेर ने ऐसी कई बातें बताईं थीं, जो आज भी उतनी ही कारगर है, जितना वे दशक पहले थीं। आइए ऐसी कुछ सलाह के बारे में जानते हैं।

1. 'लालच' से बचें और अपनी सीमा को पहचानें

मुंगेर का मानना था कि आपको केवल उन्हीं व्यवसायों में पैसा लगाना चाहिए जिन्हें आप समझते हैं। उनका कहना था कि यदि आपको किसी कंपनी का बिज़नेस मॉडल समझ नहीं आता, तो चाहे पूरी दुनिया उसे खरीद रही हो, आपको उससे दूर रहना चाहिए। मुंगेर अक्सर निवेश को तीन श्रेणियों में बांटते थे: 'हाँ', 'ना' और 'बहुत कठिन'। वे 'बहुत कठिन' वाली चीज़ों को तुरंत छोड़ देते थे।


2. गलतियों को पहचानें और दूर करें

मुंगेर समस्याओं को सुलझाने के लिए उल्टा सोचने पर जोर देते थे। उनका कहना था कि यह सोचने के बजाय कि "मैं अमीर कैसे बनूँगा?", यह सोचें कि "वो कौन सी गलतियाँ हैं जो मुझे गरीब बना सकती हैं?" यदि आप अपनी गलतियों को पहचान कर उन्हें दूर कर दें, तो सफलता अपने आप मिल जाएगी।

3. निवेश को बढ़ने के लिए समय दें

मुंगेर के अनुसार, निवेश का असली पैसा शेयर खरीदने या बेचने में नहीं, बल्कि इंतज़ार करने में है। बाज़ार की रोज की हलचल पर प्रतिक्रिया न दें। एक बार जब आप एक बेहतरीन कंपनी चुन लेते हैं, तो उसे वर्षों तक अपने पास रखें। कंपाउंडिंग का जादू तभी काम करता है जब आप निवेश को समय देते हैं।

यह भी पढ़ें: Share Markets: इस स्ट्रेटेजी से 29 अप्रैल को आपको शेयर बाजार में हो सकता है मुनाफा

4. दमदार कंपनियों के शेयरों में करें निवेश

मुंगेर ऐसी कंपनियों के प्रशंसक थे जिनके पास एक ऐसा 'किला' (Moat) हो जिसे कोई प्रतियोगी भेद न सके (जैसे ब्रांड वैल्यू या पेटेंट)। उनका कहना था कि एक 'फेयर' कंपनी को शानदार कीमत पर खरीदने से बेहतर है कि एक 'शानदार' कंपनी को 'फेयर' कीमत पर खरीदा जाए। यही वह सलाह थी जिसने बर्कशायर हैथवे की किस्मत बदल दी।

5. ज्ञान के दायरे को बढ़ाएं

मुंगेर केवल अर्थशास्त्र नहीं, बल्कि मनोविज्ञान, इतिहास, भौतिकी और गणित को मिलाकर निवेश का फैसला लेते थे। उनका कहना था कि यदि आपके पास केवल एक हथौड़ा है, तो आपको हर समस्या एक कील की तरह दिखेगी। इसलिए अपने ज्ञान के दायरे को बढ़ाएं ताकि आप बाज़ार के व्यवहार को बेहतर समझ सकें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।