CMR Green IPO Listing: 43% का लिस्टिंग गेन, ₹192 के भाव पर जारी शेयरों की मार्केट में शानदार एंट्री

CMR Green IPO Listing: सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज नॉन-फेरस मेटल रिसाइकलर है और इसका कारोबार सेकंडरी एलुमिनियम मार्केट में भी है। अब इसके शेयर लिस्ट हुए हैं। इसके आईपीओ को निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था। हालांकि आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी हुआ। नई एंट्री से पहले चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 4:26 PM
CMR Green IPO Listing: सीएमआर ग्रीन का ₹631 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 3-5 जून तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

CMR Green IPO Listing: होंडा कार्स इंडिया, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, रॉयल एनफील्ड, एंड्योरेंस टेक, मारुति सुजुकी और जिंदल स्टेनलेस जैसी दिग्गज कंपनियों को सर्विसेज देने वाली सीएमआर ग्रीन के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 127 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹192 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹275.40 और NSE पर ₹268.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 43% तक का लिस्टिंग गेन (CMR Green Listing Gain) मिला।

हालांकि आईपीओ निवेशकों की खुशी थोड़ी ही देर में फीकी हो गई जब शेयर टूट गए। टूटकर BSE पर यह ₹247.90 (CMR Green Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 29.11% मुनाफे में हैं। एंप्लॉयीज अधिक फायदे में हैं क्योंकि उन्हें हर शेयर ₹18 के डिस्काउंट पर मिला है।

CMR Green IPO को मिला शानदार रिस्पांस


सीएमआर ग्रीन का ₹631 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 3-5 जून तक खुला था। इस इश्यू को हर कैटेगरी के निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला और ओवरऑल यह 127.07 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 270.46 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 172.35 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 27.08 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 18.53 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी हुआ है। आईपीओ के ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत ₹5 की फेस वैल्यू वाले 3,28,58,323 शेयर बिके हैं और इसका पैसा शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है।

CMR Green Tech के बारे में

सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज नॉन-फेरस मेटल रिसाइकलर है और इसका कारोबार सेकंडरी एलुमिनियम मार्केट में भी है। इसे एलुमिनियम और जिंक डाई-कास्टिंग एलॉयज में महारत हासिल है। यह इनगॉट और लिक्विड फॉर्म में रिसाइकल्ड एलुमिनियम एलॉयज और जिंक एलॉय इनगॉट्स के साथ-साथ भट्ठी में इस्तेमाल के लिए स्टेनलेस स्टील, कॉपर, पीतल, जस्ता, लेड और मैगनीशियम के स्क्रैप तैयार करती है। साथ ही यह ऑटोमोटिव और नॉन-ऑटोमोटिव सेक्टर्स के लिए एलुमिनियम बिलेट्स भी तैयार करती है। यह होंडा कार्स इंडिया, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, रॉयल एनफील्ड, एंड्योरेंस टेक, मारुति सुजुकी और जिंदल स्टेनलेस जैसी दिग्गज कंपनियों को सर्विसेज देती है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹104.51 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था लेकिन अगले ही वित्त वर्ष 2024 में यह 838.56 करोड़ के शुद्ध घाटे में आ गई जिससे उबरते हुए वित्त वर्ष 2025 में यह ₹155.04 करोड़ के शुद्ध मुनाफे में आ गई। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम लगातार बढ़ी और वित्त वर्ष 2023 में ₹5,889.00 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹5,968.44 करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में ₹6,696.66 करोड़ पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹162.39 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹6,291.00 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। दिसंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹1,303.22 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹1,464.64 करोड़ पड़े थे।

Upcoming IPO: ओयो समेत इन 5 कंपनियों के जल्द आ सकते हैं आईपीओ, SEBI से मिली मंजूरी

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।