Get App

जून तिमाही में कोल इंडिया ने क्षमता विस्तार के लिए पूंजी खर्च 65% बढ़ा कर 3034 करोड़ रुपए किया

वित्त वर्ष 2020-21 में कंपनी के उत्पादन में गिरावट देखने को मिली थी लेकिन वित्त वर्ष 2022 में कंपनी के उत्पादन में 4.4 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है

MoneyControl Newsअपडेटेड Jul 11, 2022 पर 3:43 PM
जून तिमाही में कोल इंडिया ने क्षमता विस्तार के लिए पूंजी खर्च 65% बढ़ा कर 3034 करोड़ रुपए किया
कोल इंडिया ने बताया है कि जून तिमाही में उसने 15.98 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया है। इस तिमाही में कोयला उत्पादन में 29 फीसदी की सालाना ग्रोथ देखने को मिली है

सरकारी कोयला कंपनी कोल इंडिया ने वित्त वर्ष 2022-23 के पहले तिमाही में अपने क्षमता विस्तार पर 3034 करोड़ रुपये का पूंजी खर्च किया है जो कि पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 65 फीसदी ज्यादा है। कंपनी ने इस बारे में जारी अपने बयान में कहा है कि पहली तिमाही के दौरान देश को एक और ऊर्जा संकट से गुजरना पड़ा था। इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने क्षमता विस्तार पर फोकस किया। जिसके कारण कैपेक्स में यह बढ़ोतरी देखने को मिली है।

बता दें कि देश में कोयला उत्पादन में लगभग एकाधिकार रखने वाली सरकारी कंपनी कोल इंडिया पर कोयले का उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार दबाव बना हुआ है। मार्च -अप्रैल अवधि के दौरान चली हीट वेव के कारण बढ़ी घरेलू खपत और कोविड के बाद लॉकडाउन खुलने के बाद इंडस्ट्रियल डिमांड में आई जबरदस्त बढ़ोतरी के बीच देश मे कोयले की कमी हो गई थी जिससे तमाम बिजली बनाने वाली ईकाईयां ठप पड़ गई थी।

देश के तमाम राज्यों में मार्च अप्रैल में पावर कट देखने को मिला था। बताते चलें कि कोल इंडिया के उत्पादन के कम पड़ने और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं के कारण ऊर्जा उत्पादक इकाईयों को बार-बार कोयले की समस्या से जूझना पड़ता है। कोल इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा है कि वित्त वर्ष 2023 में अब तक कोल इंडिया के प्रोडक्शन में लगातार डबल डिजिट ग्रोथ देखने को मिली है और हमारी सारी कोशिशें इस ट्रेंड को बनाए रखने की हैं। इस समय इस बात का सबसे ज्यादा महत्व है कि हमारे पास कोयले के खानों के अंदर से कोयला बाहर निकालकर के बढ़े उत्पादन के परिवहन की बुनियादी सुविधा होनी चाहिए। सरकार इस पर फोकस कर रही है।

कोल इंडिया ने बताया है कि जून तिमाही में उसने 15.98 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया है। इस तिमाही में कोयला उत्पादन में 29 फीसदी की सालाना ग्रोथ देखने को मिली है। बता दें कि पिछले साल के जून तिमाही में कंपनी में 112.4 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया था।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें