सरकारी कंपनी कोचीन शिपयार्ड के शेयरहोल्डर्स के लिए 11 सितंबर 'ब्लैक फ्राइडे' साबित हुआ। दिन में शेयर की कीमत BSE पर पिछले बंद भाव से लगभग 10 प्रतिशत तक टूटकर 1375.50 रुपये के लो तक गई। बाद में शेयर 9 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट के साथ 1381.50 रुपये पर बंद हुआ। इससे कंपनी का मार्केट कैप घटकर 36300 करोड़ रुपये पर आ गया। एक दिन पहले एक एनालिस्ट कॉन्फ्रेंस कॉल में कंपनी ने कहा था कि कंपनी अगले दो वित्त वर्षों के लिए 14% का EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) मार्जिन हासिल करने का लक्ष्य रख रही है।
यह लक्ष्य वित्त वर्ष 2025-26 के 16.2% EBITDA मार्जिन से 2 प्रतिशत से ज्यादा कम है। कंपनी के मैनेजमेंट को उम्मीद है कि ज्यादा यूटिलाइजेशन और मरम्मत के बढ़ते मौकों की वजह से अगले 3 सालों में जहाज की मरम्मत से होने वाली कमाई (रेवेन्यू) लगभग 2,500 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी। अगले 2 दो सालों में मौजूदा ऑर्डर बुक से 12-15% रेवेन्यू मिलने की भी उम्मीद है। अभी कोचीन शिपयार्ड के पास 22,000 करोड़ रुपये की ऐसी ऑर्डर बुक है, जिस पर काम होना बाकी है।
Cochin Shipyard के शेयर पर ब्रोकरेज की राय
ICICI डायरेक्ट रिसर्च ने स्टॉक की रेटिंग 'बाय' से घटाकर 'होल्ड' कर दी है। टारगेट प्राइस 1,590 प्रति शेयर रखा है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के मार्जिन में कमी आएगी। ब्रोकरेज ने कहा, 'FY26-28E के दौरान हमें उम्मीद है कि कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड लगातार एग्जीक्यूशन के साथ रेवेन्यू में 12% की CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) हासिल करेगी। मैनेजमेंट के बताए अनुसार कम मार्जिन वाले कॉन्ट्रैक्ट्स की ज्यादा हिस्सेदारी के कारण EBITDA की CAGR 6% रहेगी। हमारा मानना है कि लंबे समय में जहाज बनाने और जहाज की मरम्मत (डिफेंस और कमर्शियल दोनों सहित) के क्षेत्रों में काम की गति में तेजी और लगातार ऑर्डर मिलना मुख्य बातें होंगी, जिन पर नजर रखनी होगी।'
कोचीन शिपयार्ड के मैनेजमेंट को उम्मीद है कि जहाज बनाने और जहाज की मरम्मत के काम में सुधार के कारण वित्त वर्ष 2027 में रेवेन्यू में 12-15% की बढ़ोतरी होगी। कंपनी का लक्ष्य इस साल 10 जहाजों की डिलीवरी करना है।
ICICI Direct ने यह भी कहा, "कमर्शियल मोर्चे पर कंपनी घरेलू जहाज निर्माण को बढ़ावा देने वाली सरकारी पहलों के सपोर्ट से ड्रेजर ऑर्डर, यात्री जहाजों और टैंकरों के लिए रिपीट ऑर्डर हासिल करने की कोशिश कर रही है। बेहतर काम-काज, मजबूत ऑर्डर पाइपलाइन और मैनेजमेंट के 12-15% सालाना रेवेन्यू ग्रोथ के अनुमान के साथ, हमें मध्यम अवधि में स्थिर ग्रोथ की उम्मीद है।"
3 साल में 130 प्रतिशत बढ़ा Cochin Shipyard का शेयर
कोचीन शिपयार्ड के शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक सरकार के पास 67.91 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 3 साल में 130 प्रतिशत और 5 साल में 650 प्रतिशत चढ़ा है। वहीं एक साल में 16 प्रतिशत की गिरावट देख चुका है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,979.60 रुपये और एडजस्टेड लो 1,186.55 रुपये है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।