Coffee Day Enterprises Share Price: कॉफी डे एंडप्राइजेज के शेयर ने 13 अगस्त को लगातार तीसरे कारोबारी दिन बिकवाली का दबाव झेला। इंट्राडे में शेयर की कीमत बीएसई पर 16 प्रतिशत तक लुढ़की। उसके बाद गिरावट 12 प्रतिशत पर सिमट गई। एक दिन पहले 12 अगस्त को शेयर 14 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ था। दरअसल नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (NCLT) ने पिछले सप्ताह कॉफी डे समूह की पेरेंट कंपनी कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड (CDEL) के खिलाफ दिवाला कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया। NCLT की बेंगलुरु बेंच ने 8 अगस्त को आईडीबीआई ट्रस्टीशिप सर्विसेज लिमिटेड (IDBI TSL) की ओर से दायर याचिका को स्वीकार कर लिया।
याचिका में 228.45 करोड़ रुपये की चूक का दावा किया गया था और कर्ज में डूबी कंपनी के ऑपरेशंस की देखरेख के लिए एक इंटरिम रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल की नियुक्ति की मांग की गई थी। इसी के चलते शेयर में धड़ाधड़ बिकवाली हो रही है।
13 अगस्त को बीएसई पर शेयर लाल निशान में 39.64 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 16 प्रतिशत से ज्यादा टूटा और 33.30 रुपये के लो तक चला गया। यह शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का निचला स्तर है। कारोबार बंद होने पर शेयर 12.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 34.85 रुपये पर सेटल हुआ। लोअर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ 31.85 रुपये है।
Coffee Day Enterprises एक रिसॉर्ट का संचालन करती है और उसका मालिकाना हक रखती है। इसके अलावा यह परामर्श सेवाएं प्रदान करने के साथ कॉफी बीन्स के कारोबार में है। कंपनी ने कॉलेबल नॉन-कनवर्टिबल डिबेंचर (NCD) के कूपन भुगतान में चूक की थी। वित्तीय ऋणदाता ने प्राइवेट प्लेसमेंट के माध्यम से 1,000 NCD को सब्सक्राइब किया था और मार्च, 2019 में सब्सक्रिप्शन के लिए 100 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
इसके लिए कॉफी डे एंटरप्राइजेज ने IDBI TSL के साथ एक समझौता किया और डिबेंचरहोल्डर्स के लिए डिबेंचर ट्रस्ट के रूप में IDBI TSL को नियुक्त करने पर सहमति व्यक्त की। इसके बाद कॉफी डे एंटरप्राइजेज ने सितंबर, 2019 और जून, 2020 के बीच विभिन्न तारीखों पर देय कुल कूपन पेमेंट का भुगतान करने में चूक की। परिणामस्वरूप, डिबेंचर ट्रस्टी ने सभी डिबेंचरहोल्डर्स की ओर से 28 जुलाई, 2020 को कंपनी को चूक का नोटिस जारी किया और NCLT का रुख किया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।