Nifty FMCG: शेयर बाजार में आज गिरावट के बावजूद निफ्टी FMCG इंडेक्स हरे निशान पर ट्रेड कर रहा है। यह नेगेटिव मार्केट में टॉप सेक्टोरल गेनर बनकर उभरा है। इस समय यह इंडेक्स 0.93 फीसदी या 531.80 अंकों की बढ़त के साथ 57499.40 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। सबसे ज्यादा तेजी Marico, Colgate-Palmolive और गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड में देखने को मिल रही है।
Marico के शेयर 4.46 फीसदी की बढ़त के साथ 666.90 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे हैं। इसके अलावा, Colgate-Palmolive के शेयरों में 3.65 फीसदी और गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में 2.37 फीसदी की बढ़त है। वहीं, इंडस्ट्री लीडर Hindustan Unilever के शेयर भी 1.44 फीसदी की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं।
Nifty FMCG पर CLSA की राय
FMCG इंडेक्स में तेज उछाल का कारण ब्रोकरेज फर्म CLSA की रिपोर्ट रही, जिसमें कंज्यूमर स्टेपल (Consumer Staples) सेक्टर को 2025 के लिए सबसे बड़ी एंटी-कंसेंसस (Anti-Consensus) कॉल बताया गया है। एंटी-कंसेंसस कॉल का मतलब है कि CLSA की यह राय ज्यादातर एक्सपर्ट्स की राय के विपरीत है। यह कॉल अक्सर तब दी जाती है जब फर्म को लगता है कि बाजार किसी खास सेक्टर या स्टॉक की संभावनाओं को कम आंक रहा है।
कंज्यूमर स्टेपल सेक्टर उन कंपनियों का ग्रुप है जो रोजमर्रा के उपयोग की जरूरी वस्तुएं बनाती और बेचती हैं। इस सेक्टर में वे प्रोडक्ट शामिल होते हैं जिनकी मांग हमेशा बनी रहती है, चाहे अर्थव्यवस्था की स्थिति कैसी भी हो। CLSA ने कंज्यूमर स्टेपल को अपने इंडिया पोर्टफोलियो में सबसे बड़ा 'ओवरवेट' सेक्टर बना दिया है।
Nifty FMCG पर क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
सीएनबीसी-टीवी18 के साथ बातचीत में CLSA के विकास कुमार जैन ने कहा कि हांगकांग स्थित ब्रोकरेज ने बैंकों और कमोडिटीज पर अपना 'ओवरवेट' रुख कम कर दिया है। इसके अलावा, घरेलू ब्रोकरेज एम्बिट कैपिटल ने मैरिको और टाटा कंज्यूमर पर अपनी Buy रेटिंग बनाए रखी, जिससे बुलिश सेंटीमेंट बल मिला।
विकास कुमार जैन ने कहा, "स्टेपल, मेरा मानना है कि यह एक बड़ा निर्णय लिया है, जो कि आम बाजार की धारणा के विपरीत है। राज्य स्तर और केंद्र स्तर दोनों पर सरकारी कैपिटल एक्सपेंडिचर पर जिस तरह का कम खर्च हमने देखा है, मुझे लगता है कि यह शायद हमें सरकार की बदलती प्राथमिकताओं की ओर भी इशारा कर रहा है। अगर ऐसा होता है, तो इनवेस्टमेंट और कैपेक्स से जुड़े स्टॉक पहले से ही बहुत उत्साहित हैं और उनका वैल्यूएशन बहुत अधिक है।"
उन्होंने आगे कहा, "इसलिए हमारा मानना है कि गठबंधन सरकार की वास्तविकताएं और हाल के राज्य चुनावों से हमें जो संकेत मिले हैं, साथ ही अच्छी बारिश और अच्छी बुवाई से शायद अफोर्डेबल कंजप्शन की स्थिति वापस आ जाएगी और कंज्यूमर स्टेपल्स में हमें फूड-रिलेटेड कंपनियां ज्यादा आकर्षक लग रही हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।