Colgate-Palmolive Share Price: कोलगेट-पॉमोलिव (इंडिया) के शेयरों पर चालू वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2026 के कारोबारी नतीजे पर ब्रोकरेजेज का रुझान मिला-जुला है। ब्रोकरेज फर्म सिटी और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने इसे सेल रेटिंग दी है तो सीएलएसए ने होल्ड और नोमुरा ने रिड्यूस रेटिंग दी है। वहीं नुवामा ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है। इन सब मिले-जुले रुझान में कोलगेट-पॉमोलिव के शेयरों पर आज दबाव बना और यह करीब 4% टूट गया। आज बीएसई पर यह 2.23% की गिरावट के साथ ₹2237.85 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 3.85% फिसलकर ₹2200.60 तक आ गया था। ओवरऑल बात करें तो इसे कवर करने वाले 33 एनालिस्ट्स में से 10 ने इसे खरीदारी, 11 ने होल्ड और 12 ने सेल रेटिंग दी है।
