Copper Related Stocks: तांबे का भाव गिरने से इन शेयरों को फायदा होगा, एक सरकारी कंपनी को लग सकता है बड़ा झटका
Copper Related Stocks: तांबे की कीमतें सात महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। इससे Voltas, Blue Star, Havells और ट्रांसफॉर्मर कंपनियों को फायदा मिल सकता है। दूसरी ओर, सरकारी कंपनी Hindustan Copper की कमाई पर दबाव बढ़ने की आशंका है। आगे कीमतों में उतार-चढ़ाव रह सकता है।
LKP Securities के जतीन त्रिवेदी के मुताबिक, अगले 2-3 महीने कॉपर की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रह सकता है।
Copper Related Stocks: तांबे की कीमतों में तेज गिरावट से कई कंपनियों के लिए राहत की उम्मीद बढ़ गई है। कॉपर सात महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया है। इसका फायदा खासतौर पर उन कंपनियों को मिल सकता है, जो तांबे का इस्तेमाल कच्चे माल के तौर पर करती हैं। इनमें कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एयर कंडीशनर और पावर इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनियां शामिल हैं।
हालांकि, इसका फायदा सभी कंपनियों को नहीं मिलेगा। तांबा उत्पादक कंपनियों और महंगे भाव पर स्टॉक रखने वाली कंपनियों पर दबाव बढ़ सकता है।
AC और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स कंपनियों को राहत
तांबे का इस्तेमाल AC की कॉइल, कंप्रेसर, मोटर, पंखे और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट में होता है। कीमत घटने से इन कंपनियों की लागत कम होगी। इससे उनके मार्जिन में सुधार हो सकता है।
मिराए एसेट शेयरखान के मुताबिक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और एयर कंडीशनर कंपनियों को सबसे ज्यादा फायदा मिल सकता है। इनमें Voltas, Blue Star, Amber Enterprises, Crompton Greaves Consumer, Havells India और Whirlpool India शामिल हैं।
पावर और ऑटो कंपनियों को भी फायदा
ट्रांसफॉर्मर बनाने वाली कंपनियों के लिए भी सस्ता कॉपर राहत लेकर आ सकता है। ट्रांसफॉर्मर की वाइंडिंग में काफी तांबा इस्तेमाल होता है। कई कंपनियों के ऑर्डर फिक्स्ड प्राइस पर होते हैं। ऐसे में लागत घटने से मुनाफा बढ़ सकता है। Transformers & Rectifiers, Voltamp Transformers, Hitachi Energy India, GE Vernova T&D India और Siemens को इसका फायदा मिल सकता है।
ऑटो सेक्टर में Mahindra & Mahindra, Maruti Suzuki और Tata Motors को भी कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, गाड़ी बनाने की कुल लागत में कॉपर की हिस्सेदारी कम होने से इसका असर सीमित रह सकता है।
केबल कंपनियों पर मिलाजुला असर
Polycab, KEI Industries, RR Kabel और Finolex Cables जैसी कंपनियों के लिए तस्वीर थोड़ी अलग है। ये कंपनियां तांबे की कीमत में बदलाव का असर ग्राहकों तक पहुंचाती हैं। इसलिए कीमत घटने से बिक्री की वैल्यू कम हो सकती है। महंगे भाव पर खरीदे गए स्टॉक से इन्वेंट्री लॉस का खतरा भी है। हालांकि, आगे सस्ता कॉपर मांग और वॉल्यूम बढ़ाने में मदद कर सकता है।
हिंदुस्तान कॉपर पर दबाव
तांबे की कीमत गिरने से सरकारी हिंदुस्तान कॉपर की कमाई पर सीधा असर पड़ सकता है। पिछले 6 महीने में यह स्टॉक 24.42% गिरा है। वहीं Hindalco के कॉपर कारोबार पर भी दबाव रहेगा। हालांकि, कंपनी के कुल मुनाफे में एल्युमीनियम कारोबार की बड़ी भूमिका है।
आगे कैसी रह सकती है कीमत?
LKP Securities के जतीन त्रिवेदी के मुताबिक, अगले 2-3 महीने कॉपर की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रह सकता है। इसमें करीब 10% और गिरावट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। दूसरी ओर, इलेक्ट्रिफिकेशन और डेटा सेंटर की बढ़ती मांग कीमतों को दोबारा सहारा दे सकती है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।