Crude Oil effect on Paints and Tyre Stocks: कच्चे तेल के भाव में तेजी के चलते इससे जुड़े स्टॉक्स के भाव में आज तेज गिरावट दिख रही है। ब्रेंट ऑयल के भाव में तेजी के चलते तेल बेचने वाली कंपनियों, विमान कंपनियों, पेंट कंपनियों और टायर बनाने वाली कंपनियों के शेयर धड़ाम हो गए क्योंकि कच्चे तेल इनके लिए अहम इनपुट मैटेरियल है। ब्रेंट क्रूड तीन महीने के रिकॉर्ड हाई पर प्रति बैरल 81 डॉलर के पार चला गया। इससे उन कंपनियों के शेयरों को तगड़ा झटका लगा जिनके लिए कच्चा तेल अहम इनपुट है।
कच्चे तेल में क्यों आई जोरदार तेजी?
ब्रेंट क्रूड के भाव 81 डॉलर के पार चले गए हैं और यह तेजी इसलिए आई क्योंकि शुक्रवार को अमेरिका ने जिन प्रतिबंधों का ऐलान किया है, उससे इसकी सप्लाई को गहरा झटका लगने की आशंका है। अमेरिका ने रूस की तेल निकालने वाली कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं जिससे भारत और चीन जैसे अहम आयातकों को सप्लाई प्रभावित हो सकती है। एनालिस्ट्स के मुताबिक अमेरिका ने ये प्रतिबंध यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के लिए फंडिंग में मदद करने वाले रेवेन्यू को झटका देना है। इन प्रतिबंधों से भारत और चीन को रूस की बजाय मजबूरी में मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और अमेरिका से तेल खरीदना होगा। इस वजह से ब्रेंट क्रूड के भाव उछल गए।
महंगे क्रूड ने इन सेक्टर्स को दिया झटका
क्रूड को इनपुट के तौर पर इस्तेमाल करने वाली कंपनियों को इसके भाव में उछाल ने तगड़ा झटका दिया है क्योंकि इनपुट कॉस्ट बढ़ने से मार्जिन पर दबाव दिख सकता है। इस वजह से हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP), इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम (BP) के शेयर 6 फीसदी तक टूट गए। वहीं एयरलाइन्स इंटरग्लोब एविएशन और स्पासइजेट के शेयर 4 फीसदी तक टूट गए।
पेंट और टायर बनाने वाली कंपनियों के भी शेयर धड़ाम से गिर गए। कच्चे तेल के भाव पेंट इंडस्ट्री पर बहुत असर डालते हैं क्योंकि इसमें 300 से अधिक आइटम की जरूरत होती है जिसमें अधिकतर कच्चे तेल से जुड़ा होता है। इसके इनपुट कॉस्ट में 55-60 फीसदी हिस्सेदारी कच्चे माल की होती है। वहीं टायर बनाने में इस्तेमाल होने वाले पेट्रोकेमिकल और सिंथेटिक रबर में भी कच्चे तेल की बड़ी भूमिका होती है यानी कि इसके भाव ऊपर चढ़ते हैं तो लागत बढ़ती है। इन वजहों से एशियन पेंट्स, बर्जर पेंट्स, शालीमार पेंट्स, एक्जो नोबेल, सीट, अपोलो टायर्स और बालकृष्ण इंडस्ट्रीज के शेयर 3 फीसदी तक फिसल गए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।