Daily Voice : ओमनीसाइंस कैपिटल के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट (ईवीपी) और पोर्टफोलियो मैनेजर अश्विनी शमी का मानना है कि अमृत काल में भारत में सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता है। 50 फीसदी से ज्यादा आबादी की औसत आयु 25 साल से कम होने के कारण, भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी वाले देशों में से एक है। मनीकंट्रोल को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि नीतियों में सुधार, टेक्नोलॉजी लीवरेज और सही पूंजी आवंटन की सहायता से भारत को सालों तक मजबूत आर्थिक ग्रोथ करने में सहायता मिलेगी।
फाइनेंशियल सर्विसेज इंडस्ट्री का 2 दशकों से ज्यादा का अनुभाव रखने वाले अश्विनी शमी का कहना है कि 2024 में बाजार में फाइनेंशियल और टेक्नोलॉजी सेक्टर के लार्ज-कैप शेयरों में जोरदार रिटर्न मिलने की उम्मीद है। यहां हम आपके लिए इस साक्षात्कार का संपादित अंश दे रहे हैं।
क्या आपको लगता है कि कॉर्पोरेट अर्निंग 2024 में बाज़ारों पर इकोनॉमिक आउटलुक की तुलना में ज्यादा असर डालेगी? इसका जवाब देते हुए अश्विनी ने कहा कि लॉन्ग टर्म में अर्निंग बाजार को संचालित करती है और इकोनॉमिक आउटलुक कॉर्पोरेट अर्निंग को संचालित करता है। इसलिए, जब बाज़ार की बात आती है तो ये आपस में जुड़े हुए होते हैं। शॉर्ट टर्म में कॉर्पोरेट अर्निंग ग्रोथ और इकोनॉमिक आउटलुक दोनों में तेजी बनी हुई है।
भारत में सालों तक मजबूत आर्थिक ग्रोथ जारी रहने की उम्मीद
अमृत काल में सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता के साथ भारत को अगले दो दशकों में सबसे पसंदीदा उभरता बाजार बनने की संभावना है। 25 वर्ष से कम आयु की 50 प्रतिशत से ज्यादा आबादी के साथ, भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी में से एक है। नीतियों में सुधार, टेक्नोलॉजी के फायदे और सही पूंजी आवंटन की सहायता से भारत में सालों तक मजबूत आर्थिक ग्रोथ जारी रहने की उम्मीद है।
अब आईटी सेक्टर में बनेगा पैसा
आईटी सेक्टर पर अपनी राय साझा करते हुए अश्विनी आगे कहा कि फेडरल रिजर्व ने 2024 में दरों में तीन कटौती की घोषणा के साथ ब्याज दरों पर रुख बदल दिया है, जिससे अमेरिकी मंदी का डर खत्म हो गया है। ये आईटी शेयरों के लिए पॉजिटिव है। उम्मीद है कि अमेरिकी कंपनियां डिजिटल बदलाव के लिए अपने आईटी खर्च में तेज बढ़त करेंगी। इस समय तमाम आईटी स्टॉक काफी अच्छे भाव पर मिल रहे हैं। आगे हमें कई लार्जकैप आईटी शेयरों की री-रेटिंग होती दिख सकती है।
पावर, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनियां लग रहीं अच्छी
अश्विनी ने आगे बताया कि वे 2024 के लिए पावर, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज, डिजिटल ट्रांसफार्मेशन और एआई पर फोकस करने वाली टेक्नोलॉजी और रेलवे इंफ्रा कंपनियों पर बुलिश हैं। बैंकिंग सेक्टर की बैलेंस शीट काफी मजबूत है। इसके साथ ही क्रेडिट ग्रोथ भी काफी अच्छी है। जिससे आगे बैंकिंग में काफी अच्छी ग्रोथ देखने को मिल सकती है। इसके अलावा ईवी और ग्रीन हाइड्रोजन पर फोकस करने वाली क्लीन टेक्नोलॉजी वाली कंपनियों पर भी अश्विनी का नजरिया बुलिश है।
लॉर्ज कैप करेंगे बेहतर प्रदर्शन
अश्विनी का मानना है कि आगे बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और टेक्नोलॉजी सेक्टर की लार्ज-कैप कंपनियां बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। ईवी और क्लीन टेक्नोलॉजी पर फोकस करने वाले लार्ज कैप ऑटोमोटिव और एनर्जी स्टॉक भी तेजी पकड़ते दिखेंगे। आने वाले वर्ष में एफआईआई का निवेश मजबूत रहने की उम्मीद है। एफआईआई लार्ज कैप को ज्यादा वरीयता देते हैं। ऐसे में 2024 में लार्जकैप में अच्छी तेजी की उम्मीद है।
विनिवेश में तेजी आने की उम्मीद
सरकारी कंपनियों की मिस प्राइसिंग का समाधान होने और उन्हें सही मार्केट वैल्यू मिलने के साथ ही 2024 में सरकार से काफी ज्यादा विनिवेश की उम्मीद है। डिफेंस, रेलवे और इंफ्रा जैसे सेक्टरों की कई सरकारी कंपनियों की नई लिस्टिंग की उम्मीद दिख रही है। मौजूदा पीएसयू पैक से कई फॉलोऑन ऑफर भी आते दिख सकते हैं।