भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया अब महंगाई के दर्द से काफी हद तक उबर चुकी है। अब आगे हमें ब्याज दरों में गिरावट देखने को मिल सकती है। रुपया भी अब अपने निम्नतम स्तर पर पहुंच चुका है। अब इसमें और गिरावट की संभावना नहीं है। डॉलर इंडेक्स में आ रही गिरावट इस बात की गवाही दे रहा है। आगे हमें भारत जैसे उभरते बाजारों में अमेरिका से भारी मात्रा में पैसा आता दिखेगा। भारत दुनिया तेजी सबसे तेजी से ग्रो करती यंग इकोनॉमी है। इसका इसको फायदा मिलेगा। ये बातें सैम्को असेट मैनेजमेंट (Samco Asset Management) के चीफ इनवेस्टमेंट ऑफिसर उमेश मेहता (Umesh Mehta)ने मनीकंट्रोल के साथ हुई बातचीत में कही हैं।
टेक्नोलॉजी स्टॉक काफी अच्छे वैल्यूएशन पर
उमेश मेहता का मानना है कि इस समय टेक्नोलॉजी स्टॉक काफी अच्छे वैल्यूएशन पर मिल रहे हैं इनकी मार्जिन सामान्य स्तर पर लौट आई है। लगभग सभी कंपनियों के मैनेजमेंट का मानना है कि आगे टेक कंपनियों के कारोबार में अच्छी ग्रोथ देखने को मिलेगी। इस बातचीत में उन्होंने आगे कहा कि महंगाई का भूत भाग चुका है। अब आगे हमें दुनिया भर में ब्याज दरों में नरमी आती दिखेगी। किसी पूंजीवादी व्यवस्था में मंदी, ग्रोथ, महंगाई, डिफ्लेशन, ब्याज दरों में बढ़ोतरी का एक निश्चित चक्र होता है। जो कि एक निश्चित अंतराल पर आता-जाता रहता है।
कमोडिटी की कीमतों में गिरावट से राहत
कमोडिटी की कीमतें अब अपने पीक पर पहुंचकर कम हो रही हैं। जिसके चलते आगे हमें जल्द ही महंगाई के आंकड़ों में नरमी आती दिखेगी। महंगाई कम होने से ब्याज दरों में बढ़ोतरी के दौर पर भी लगाम लगेगी।
देश की इकोनॉमी तुलनात्मक रूप से काफी मजबूत
भारत की इकोनॉमी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश की इकोनॉमी तुलनात्मक रूप से काफी मजबूत है। तमाम चुनौतियों के बीच भारत की इकोनॉमी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। इस साल अब तक मिले रिटर्न के आधार पर भी देखें तो भारतीय बाजार में अभी भी ग्रोथ की काफी संभावनाएं हैं।
तमाम डिफेंस स्टॉक में आगे कमजोरी मुमकिन
डिफेंस सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन की लड़ाई शुरू होने के बाद से अब तक डिफेंस शेयरों में काफी तेजी आ चुकी है। हालांकि कुछ कंपनियों में आगे हमें टिकाऊ ग्रोथ देखने को मिल सकती है। लेकिन तमाम डिफेंस स्टॉक में आगे हमें कमजोरी आने के संकेत नजर आ रहे हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।