Market This Week: इस हफ्ते कैसा रहेगा बाजार का रुख; US टैरिफ, ऑटोमोबाइल बिक्री, FII फ्लो समेत इन अहम फैक्टर्स से होगा तय

आने वाले सप्ताह में ऑटोमोबाइल कंपनियां मार्च के बिक्री आंकड़े जारी करेंगी। वैश्विक स्तर पर, सभी की निगाहें 2 अप्रैल पर होंगी। इस दिन अमेरिका की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ लागू होने वाला है। साथ ही ऑटोमोबाइल्स पर 25 प्रतिशत का टैरिफ भी 2 अप्रैल से प्रभावी होगा।

अपडेटेड Mar 30, 2025 पर 10:59 AM
Story continues below Advertisement
बीते सप्ताह FII ने खरीदारी में रुचि दिखाई।

वित्त वर्ष 2024-25 के आखिरी सप्ताह की क्लोजिंग शेयर बाजार ने पॉजिटिव नोट पर की। 28 मार्च को समाप्त सप्ताह में, निफ्टी 50 169 अंक चढ़कर 23,519 पर पहुंच गया, और बीएसई सेंसेक्स 509 अंक बढ़कर 77,415 पर पहुंच गया। व्यापक बाजारों ने बेंचमार्क इंडेक्स से कमजोर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.3 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.55 प्रतिशत की गिरावट आई। FII ने खरीदारी में रुचि दिखाई और अप्रैल की पॉलिसी मीटिंग में RBI की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद में बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज में तेजी ने सेंटिमेंट को बूस्ट किया।

लेकिन 2 अप्रैल को अमेरिकी प्रशासन की ओर से संभावित टैरिफ घोषणाओं से पहले सतर्कता ने प्रॉफिट को सीमित कर दिया। सोमवार, 31 मार्च को ईद-उल-फितर (रमजान ईद) के कारण बाजार बंद रहेगा। 1 अप्रैल से शुरू होने वाले छोटे सप्ताह में बेंचमार्क इंडेक्स के और मजबूत होने की उम्मीद है। नए सप्ताह में बाजार की चाल तय करने में कौन से फैक्टर्स का अहम रोल होगा, आइए जानते हैं...

अमेरिकी टैरिफ पर अपडेट


वैश्विक स्तर पर, सभी की निगाहें 2 अप्रैल पर होंगी। इस दिन अमेरिका की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ लागू होने वाला है। यह टैरिफ अमेरिका में उन देशों के सामानों पर लगेगा, जो अमेरिका के सामानों पर टैरिफ लगाते हैं। साथ ही ऑटोमोबाइल्स पर 25 प्रतिशत का टैरिफ भी 2 अप्रैल से प्रभावी होगा। इसके अलावा 2 अप्रैल को हो सकता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ को लेकर कोई नई घोषणा करें। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर टैरिफ आक्रामक हुए तो ग्लोबल ट्रेड वॉर बढ़ सकती है। इससे वैश्विक विकास को नुकसान हो सकता है और अमेरिकी अर्थव्यवस्था में कुछ हद तक मंदी से इंकार नहीं किया जा सकता है।

हालांकि, बढ़ते व्यापार तनाव के बीच सोने की कीमतों में सुरक्षित निवेश की मांग साफ तौर पर देखी गई। कॉमेक्स गोल्ड फ्यूचर्स में पिछले सप्ताह 3.07 प्रतिशत की तेजी आई और यह बोलिंगर बैंड के ऊपरी छोर पर कारोबार करते हुए 3114.3 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर बंद हुआ। तेजी लगातार चौथे सप्ताह जारी रही।

अमेरिकी नौकरियों के आंकड़े

अमेरिकी नौकरियों के आंकड़ों पर भी नए सप्ताह में नजर रहेगी। इनमें फरवरी के लिए जॉब ओपनिंग्स और क्विट्स का JOLTs का डेटा और मार्च के लिए बेरोजगारी दर और नॉन-फार्म पेरोल डेटा शामिल है। ब्याज दर पर फैसला लेते वक्त अमेरिका का केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व नौकरियों के डेटा पर भी ध्यान देता है। विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च में बेरोजगारी दर में फरवरी के मुकाबले कुछ बढ़ोतरी होगी।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल अगले सप्ताह 4 अप्रैल को अपनी स्पीच देंगे। मार्केट पार्टिसिपेंट्स इसमें फेड की अगली पॉलिसी मीटिंग्स में ब्याज दरों पर रुख को लेकर कुछ संकेतों की तलाश करेंगे।

Yes Bank से आयकर विभाग ने मांगा ₹2209 करोड़ का टैक्स, आदेश के खिलाफ अपील की तैयारी

वैश्विक आर्थिक डेटा

अगले सप्ताह अमेरिका, चीन, जापान आदि सहित कई देशों की ओर से मार्च के लिए मैन्युफैक्चरिंग और ​सर्विस पीएमआई के फाइनल आंकड़े भी जारी किए जाएंगे।

Image229032025

घरेलू आर्थिक डेटा

घरेलू स्तर पर, मार्केट पार्टिसिपेंट्स 2 अप्रैल HSBC मैन्युफैक्चरिंग और 4 अप्रैल को सर्विस PMI के फाइनल नंबर्स पर नजर रखेंगे। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, मार्च में मैन्युफैक्चरिंग PMI बढ़कर 57.6 हो गया, यह फरवरी में 56.3 था। सर्विस PMI घटकर 57.7 हो गया, जो फरवरी में 59 था।

इसके अलावा, वित्त वर्ष 2025 के आखिरी सप्ताह के लिए विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़े 4 अप्रैल को जारी किए जाएंगे। 21 मार्च को खत्म हुए सप्ताह में, देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 658.8 अरब डॉलर हो गया।

ऑटोमोबाइल बिक्री

आने वाले सप्ताह में ऑटोमोबाइल कंपनियां मार्च के बिक्री आंकड़े जारी करेंगी। एनालिस्ट्स के अनुसार, बिक्री सभी क्षेत्रों में कमजोर रहने की उम्मीद है। मोतीलाल ओसवाल के अनुसार, मार्च में कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर 7-9 प्रतिशत, पैसेंजर व्हीकल सेगेमेंट में 12-14 प्रतिशत, टूव्हीलर सेगमेंट में 11-13 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान है। नोमुरा इन तीनों सेगमेंट में बिक्री में सालाना आधार पर क्रमश: 5 प्रतिशत, 16 प्रतिशत और 13 प्रतिशत की गिरावट देख रही है।

FII फ्लो

मार्केट पार्टिसिपेंट्स का ध्यान फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (FII) की गतिविधियों पर भी रहेगा। FII लगातार दूसरे सप्ताह शुद्ध खरीदार बने रहे। इससे मार्केट सेंटिमेंट को बूस्ट मिला। 28 मार्च को समाप्त सप्ताह में उनकी खरीद 17,426 करोड़ रुपये की रही। इसके चलते FII मार्च में कैश सेगमेंट में 2,000 करोड़ रुपये के नेट बायर बन गए।

इस बीच, डॉमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (DII) ने पिछले हफ्ते रुक-रुक कर मुनाफावसूली के बावजूद 6,797 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर बाजार के लिए अपना सपोर्ट बरकरार रखा। उन्होंने मार्च में 37,586 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। DII अगस्त 2023 से लगातार निवेशक हैं।

IPO

नए पब्लिक इश्यू के लिहाज से नया शुरू हो रहा सप्ताह सूखा रहने वाला है। कोई भी नया IPO इस हफ्ते में नहीं खुल रहा है। हालांकि पहले से खुले 3 IPO में पैसा लगाने का मौका रहेगा। इनमें से Retaggio Industries IPO 2 अप्रैल को बंद होगा। वहीं Spinaroo Commercial IPO और Infonative Solutions IPO 3 अप्रैल को बंद होंगे। नए सप्ताह में 1 अप्रैल को Desco Infratech के शेयर BSE SME पर लिस्ट होंगे। इसके बाद 2 अप्रैल को Shri Ahimsa Naturals IPO और ATC Energies IPO की लिस्टिंग NSE SME पर होगी। 3 अप्रैल को Identixweb के शेयर BSE SME पर अपनी शुरुआत करेंगे।

Multibagger Stock: 2 साल में ₹1 लाख के बने ₹31 लाख, एक साल में मिला 400% से ज्यादा रिटर्न

कॉरपोरेट एक्शंस

अगले सप्ताह के प्रमुख कॉरपोरेट एक्शन इस तरह हैं...

Image129032025

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।