Defence Stocks : सरकार की तरफ से घरेलू डिफेंस कंपनियों को बड़ा बूस्ट मिला है। रक्षा मंत्रालय ने 405 स्वदेशी आइटम्स की छठी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में BEL,HAL,भारत डायनामिक्स,गार्डन रीच और मिश्र धातु निगम में बनने वाले आइटम शामिल। इस खबर के चलते डिफेंस शेयरों में रफ्तार देखने को मिल रही है। निफ्टी का डिफेंस इंडेक्स करीब एक फीसदी मजबूत हुआ है। इस खबर के चलते मंगलवार, 18 अगस्त को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL)और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) समेत कई डिफेंस स्टॉक्स सुर्खियों में हैं।
इन कंपनियों को होगा सीधा फायदा
सरकार के इस कदम से किन कंपनियों को सीधा फायदा होगा इस पर जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के इकोनॉमिक पॉलिसी एडिटर लक्ष्मण राय ने कहा कि रक्षा मंत्रालय ने 3,070 करोड़ रुपये की 405 स्वदेशी आइटम्स की छठी लिस्ट जारी कर दी है। 405 डिफेंस इक्विपमेंट में सबसे ज्यादा 227 आइटम BEL बनाएगी। स्वदेशी आइटम की जारी लिस्ट में 86 आइटम HAL बनाएगी। स्वदेशी आइटम की जारी लिस्ट में BDL के 13 आइटम शामिल हैं। 405 डिफेंस इक्विपमेंट में GRSE के 7 आइटम शामिल है। वहीं, मिश्र धातु निगम (Mishra Dhatu Nigam) के 7 आइटम शामिल हैं।
इस लिस्ट में सरकारी डिफेंस कंपनियों के लिए 389 आइटम और इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) के लिए 16 आइटम शामिल हैं। इसमें लाइन रिप्लेसेबल यूनिट्स (LRUs), सब-सिस्टम,सब-असेंबली,स्पेयर पार्ट्स,कंपोनेंट्स और रॉ मटीरियल शामिल हैं।
इन आइटम्स में एयर प्लेटफॉर्म-एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH),लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (LUH),Su-30MKI,लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA)और AL-31FP इंजन जैसे कई तरह के डिफेंस प्लेटफॉर्म और सिस्टम शामिल हैं।
इस लिस्ट में T-72,T-90 और BMP-II जैसे बख्तरबंद प्लेटफॉर्म और युद्धपोत शामिल हैं। इसमें कोंकर्स-M,इनवार और मीडियम रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल (MRSAM) जैसे मिसाइल सिस्टम भी शामिल हैं। इसमें राडार,सोनार,फायर-कंट्रोल सिस्टम और सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम जैसे डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ-साथ हाई एक्सप्लोसिव एंटी-टैंक (HEAT)गोला-बारूद और दूसरे डिफेंस उपकरण भी शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक आइटम के लिए स्वदेशीकरण की एक अनुमानित समय-सीमा तय की गई है। इनके सफल स्वदेशी विकास के बाद,इन आइटम्स को भारतीय कंपनियों से खरीदा जाएगा।
स्वदेशी आइटम्स की यह छठी लिस्टआत्मनिर्भर भारत पहल के तहत सरकार की उन कोशिशों का हिस्सा है जिनका मकसद डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना,भारतीय इंडस्ट्री के लिए मौके बढ़ाना, घरेलू डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूत करना और डिफेंस से जुड़े आयात पर निर्भरता कम करना है।
इस खबर के चलते निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स 1.3% बढ़कर 9,970 के आसपास ट्रेड करता दिख रहा। इसमें पारस डिफेंस और ज़ेन टेक्नोलॉजीज़ सबसे बेहतर प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। इन शेयरों में 8% और 6.6% की तेजी दिख रही है।
इस सेक्टर की रफ्तार पकड़ने वाली अन्य कंपनियों में एक्सिसकेड्स (Axiscades),जीआरएसई (GRSE) और डेटा पैटर्न्स (Data Patterns) भी शामिल हैं। इनके शेयरों में 4%, 3.3% और 3.2% की बढ़त नजर आई है।