दिल्ली सरकार की ड्राफ्ट इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) पॉलिसी 2026-30 में ईवी का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया गया है। दिल्ली सरकार का मानना है कि पेट्रोल व्हीकल्स की जगह इलेक्ट्रिक व्हीकल्स का धीरे-धीरे इस्तेमाल बढ़ना चाहिए। इसमें जनवरी 2027 से पेट्रोल से चलने वाले नए थ्री-व्हीलर्स के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने का प्रस्ताव है। अप्रैल 2028 से नए पेट्रोल टू-व्हीलर्स के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने का प्रस्ताव है। इस ड्राफ्ट पर आम लोग अपनी राय दे सकते हैं।
इन कंपनियों के शेयरों में आ सकती है तेजी
एक्सपर्ट्स का कहना है कि दिल्ली सरकारी की ईवी पॉलिसी का असर 13 अप्रैल को ऑटो कंपनियों खासकर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स और थ्री-व्हीलर्स बनाने वाली कंपनियों पर दिख सकता है। इन शेयरों में तेजी आ सकती है। इनमें Bajaj Auto, TVS Motor, Ola Electric, Ather Energy, Mahindra & Mahindra जैसी कंपनियां शामिल हैं। बैट्री और चार्जिंग स्टेशन से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भी सोमवार को तेजी दिख सकती है।
बजाज ऑटो को सबसे ज्यादा फायदा
दिल्ली सरकार की ईवी पॉलिसी का सबसे ज्यादा फायदा बजाज ऑटो को हो सकता है। इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर सेगमेंट में कंपनी की लीडरशिप पोजीशन है। टू-व्हीलर्स में कंपनी का चेतक पहले से बाजार में है। 10 अप्रैल को कंपनी के शेयरों में जबर्दस्त तेजी दिखी। यह 3.29 फीसदी चढ़कर 9,830 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक हफ्ते में यह शेयर 12 फीसदी चढ़ा है। टीवीएस मोटर की भी इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर और टू-व्हीलर मार्केट में अच्छी पकड़ है। टीवीएस मोटर का शेयर 10 अप्रैल को 2.64 फीसदी के उछाल के साथ 3,825 रुपये पर बंद हुआ।
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में पहले से तेजी जारी
ओला इलेक्ट्रिक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बनाने वाली बड़ी कंपनियों में से एक है। यह सिर्फ इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बनाती है। इसके शेयरों में अप्रैल में जबर्दस्त तेजी दिखी है। यह शेयर 10 अप्रैल को 12.56 फीसदी चढ़कर 40.88 रुपये पर बंद हुआ। सिर्फ अप्रैल में यह शेयर 60 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। एथर एनर्जी के शेयरों में भी 10 अप्रैल को उछाल दिखा। यह शेयर इस हफ्ते 11 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर पेट्रोल टू-व्हीलर्स की बिक्री बंद होती है तो उसका सबसे ज्यादा फायदा उन इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स कंपनियों को मिलेगा, जो पहले से बाजार में मौजूद हैं।
बैट्री बनाने वाली कंपनियों को भी होगा बड़ा फायदा
एक्सपर्ट्स का कहना है कि दिल्ली सरकार की ईवी पॉलिसी लागू होने पर बैट्री और ईवी व्हीकल्स के पार्ट्स बनाने वाली कंपनियों को भी फायदा होगा। इनके शेयरों में भी 13 अप्रैल को तेजी दिख सकती है। इनमें टाटा पावर, Exide Industries, Amara Raja Energy, Sona Blw जैसी कंपनियां शामिल हैं। Tata Power का शेयर 10 अप्रैल को 1.22 फीसदी चढ़कर 399.50 रुपये पर बंद हुआ। एक्साइड इंडस्ट्रीज का शेयर 4.74 फीसदी के उछाल के साथ 326 रुपये पर बंद हुआ।