Dhanwel Seeds IPO Listing: बीज कंपनी धनवेल हाइब्रिड सीड्स के शेयरों की आज BSE SME पर एकदम फ्लैट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और हर कैटेगरी के लिए आरक्षित हिस्सा पूरा भर भी नहीं पाया था। इसके आईपीओ के तहत ₹99 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹99.00 पर यानी एकदम फ्लैट एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। टूटकर यह ₹94.05 (Dhanwel Seeds Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 5% घाटे में हैं।
Dhanwel Seeds IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
धनवेल हाइब्रिड सीड्स का ₹27 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 19-21 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.65 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.00 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.24 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 3.08 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 27 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹7.60 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹11.60 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Dhanwel Seeds के बारे में
धनवेल हाइब्रिड सीड्स अलग-अलग प्रकार की फसलों और सब्जियों के बीज तैयार कर इन्हें बेचती है। यह मान्यताप्राप्त संस्थानों और रिसर्च ऑर्गेनाइजेशंस से जेनेटिक में सुधार कर तैयार किए बेहतर बीज भी डेवलप करती है। जरूरत पड़ने पर यह सीधे किसानों या खुले बाजार से भी बीज खरीदती है। बीज तैयार करने के लिए यह किसानों के साथ मिलकर काम करती है और उन्हें जरूरी बीज और तकनीकी सलाह देती है और साथ ही फसल की क्वालिटी पर भी बारीकी से नजर रखती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 79% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹6.12 करोड़ और टोटल इनकम करीब 45% के सीएजीआर से ₹1,168.88 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹7.68 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹13.25 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।