Stock in Focus: पावर ट्रांसमिशन से जुड़ी कंपनी Diamond Power Infrastructure को अदाणी ग्रुप से बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी को Adani Energy Solutions से ₹488.18 करोड़ के दो परचेज कॉन्ट्रैक्ट मिले हैं। इसके तहत कंपनी को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में चल रहे Bhadla-Fatehpur HVDC प्रोजेक्ट के लिए कंडक्टर की सप्लाई करनी है।
Diamond Power को कुल 6,659.66 किलोमीटर AL-59 कंडक्टर की सप्लाई करनी है। इसमें 5,692.66 किलोमीटर Lapwing और 967 किलोमीटर Zebra कंडक्टर शामिल हैं। कंपनी को प्रोजेक्ट के शेड्यूल के हिसाब से हर महीने सप्लाई करनी होगी। यह काम 31 दिसंबर 2027 तक पूरा करना है।
पहले भी मिला था बड़ा ऑर्डर
Diamond Power को इसी प्रोजेक्ट के लिए पहले भी Adani Energy Solutions से ₹707.80 करोड़ का ऑर्डर मिला था। नए ऑर्डर के बाद Bhadla-Fatehpur HVDC प्रोजेक्ट से जुड़े कुल ऑर्डर की वैल्यू करीब ₹1,196 करोड़ हो गई है। इसमें GST शामिल है।
क्या है Bhadla-Fatehpur प्रोजेक्ट?
यह करीब 950 किलोमीटर लंबा बिजली ट्रांसमिशन कॉरिडोर है। इसकी क्षमता 6,000 मेगावाट है। यह राजस्थान के भड़ला को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से जोड़ेगा। Adani Energy Solutions इस प्रोजेक्ट को विकसित कर रही है। इसके जरिए राजस्थान में बनने वाली सौर और दूसरी रिन्यूएबल बिजली को उत्तर भारत के उन इलाकों तक पहुंचाया जाएगा, जहां इसकी मांग है।
Diamond Power के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी) कविश शाह के मुताबिक, ये दोबारा मिले ऑर्डर अडानी की ओर से कंपनी पर भरोसा दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी के पास अपनी एल्युमीनियम रॉड मिल, कंडक्टर बनाने की बढ़ी हुई क्षमता और टेस्टिंग की सुविधाएं हैं। इससे उसे तय समय पर ऑर्डर पूरा करने में मदद मिलेगी।
Diamond Power Infrastructure का शेयर बुधवार को BSE पर 4.63% की गिरावट के साथ ₹347.35 पर बंद हुआ। हालांकि, पिछले 6 महीने में इसने 76.41% का रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।