आयशर मोटर्स के शेयरों में 25 नवंबर यानी बुधवार को जोरदार खरीदारी देखने को मिली। शेयर 2.2 फीसदी उछलकर 8,360 रुपये के नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। इसकी वजह कंपनी की सब्सिडियरी Royal Enfield का तमिलनाडु में अगले सात वर्षों में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान है।
एमके ग्लोबल की शेयर पर बाय रेटिंग
Royal Enfield अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए यह निवेश करेगी। इस बीच, ब्रोकरेज फर्म Emkay Global ने शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस बढ़ाकर 9,400 रुपये कर दिया है। इसका असर भी बुधवार को शेयरों पर देखने को मिला।
शेयर ने बनाया ऊंचाई का नया रिकॉर्ड
बुधवार को BSE पर Eicher Motors का शेयर 2.2 फीसदी चढ़कर 8,360 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। यह इसका नया 52 हफ्ते का हाई भी है। कारोबार के अंत में शेयर 2.06 फीसदी की तेजी के साथ 8,330.50 रुपये पर बंद हुआ। इस तेजी से शेयर ने 7 अप्रैल, 2026 को बनाए गए अपने पिछले रिकॉर्ड हाई को पीछे छोड़ दिया।
बीते एक महीने में 18 फीसदी चढ़ा शेयर
पिछले एक महीने में Eicher Motors के शेयर में 18.16 फीसदी की तेजी आई है। इस दौरान BSE Sensex में 14.79 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। यानी इस अवधि में Eicher Motors ने बेंचमार्क इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया है। 25 नवंबर को शेयर बाजार के मजबूत सेंटीमेंट का असर भी आयशर मोटर्स के शेयरों पर पड़ा
16 फीसदी से ज्यादा चढ़ सकता है शेयर
ब्रोकरेज फर्म Emkay Global ने Eicher Motors के शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखी है। साथ ही टारगेट प्राइस करीब 3 फीसदी बढ़ाकर 9,400 रुपये कर दिया है। पहले यह टारगेट 9,100 रुपये था। ब्रोकरेज के मुताबिक, नया टारगेट सितंबर 2028 के अनुमानित कोर EPS के 30 गुना वैल्यूएशन पर आधारित है। 8,330.50 रुपये के क्लोजिंग भाव के मुकाबले यह करीब 16.2 फीसदी की संभावित तेजी का संकेत देता है।
250cc बाइक से पोर्टफोलियो होगा मजबूत
Emkay Global का मानना है कि Royal Enfield अगस्त 2027 तक 250cc मोटरसाइकिल लॉन्च कर सकती है। इससे कंपनी को खासतौर पर युवा और महिला राइडर्स के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद मिल सकती है। ब्रोकरेज के मुताबिक, नई 250cc बाइक कंपनी के मौजूदा प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को और मजबूत कर सकती है। इसके जरिए Royal Enfield अपने पारंपरिक ब्रांड की पहचान का फायदा उठाते हुए नए ग्राहक वर्ग तक पहुंच बना सकती है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।