NSE Share: रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा एनएसई का शेयर, जानिए और कितना चढ़ सकता है

NSE ने मार्केट कैप के मामले में Larsen & Toubro (L&T), भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और Infosys जैसी दिग्गज कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। 25 नवंबर को NSE का मार्केट कैप बढ़कर करीब 5.73 लाख करोड़ रुपये हो गया

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 5:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
NSE को कवर करने वाले सभी 17 एनालिस्ट ने शेयर पर Buy रेटिंग दी है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के शेयरों में तेजी का सिलसिला 25 नवंबर को भी जारी रहा। कारोबार के दौरान शेयर 5.5 फीसदी उछलकर 2,332 रुपये के नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि, शेयर इस लेवल से थोड़ा नीचे बंद हुआ। आज आई तेजी से एनएसई देश की टॉप-10 कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो गया है।

देश की टॉप 10 कंपनियों में शामिल

NSE ने मार्केट कैप के मामले में Larsen & Toubro (L&T), भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और Infosys जैसी दिग्गज कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। 25 नवंबर यानी बुधवार को NSE का शेयर 2,226 रुपये पर खुला था। कारोबार के दौरान इसने 2,332 रुपये का रिकॉर्ड स्तर छुआ। बाद में प्रॉफिट बुकिंग की वजह से शेयर 4.19 फीसदी की बढ़त के साथ 2,317.65 रुपये पर बंद हुआ।

₹5.73 लाख करोड़ हुआ NSE का मार्केट कैप


25 नवंबर को NSE का मार्केट कैप बढ़कर करीब 5.73 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके साथ ही यह मार्केट कैप के लिहाज से देश की नौवीं सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी बन गई। देश की सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी Reliance Industries है। इसका मार्केट कैप करीब 18.61 लाख करोड़ रुपये है। इसके बाद Bharti Airtel 13.26 लाख करोड़ रुपये और HDFC Bank करीब 13.01 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

इन कंपनियों का एमकैप एनएसई से ज्यादा

NSE से आगे रहने वाली अन्य कंपनियों में Jio Platforms, ICICI Bank, State Bank of India, Tata Consultancy Services (TCS) और Bajaj Finance शामिल हैं। एनएसई का आईपीओ सितंबर में आया था। उसने आईपीओ में 1785 रुपये की कीमत पर इनवेस्टर्स को शेयर एलॉट किए थे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर शेयर की लिस्टिंग मामूली प्रीमियम पर हुई थी। लेकिन, बाद में शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली।

ICICI Securities की Buy रेटिंग से मिला सहारा

NSE के शेयरों में तेजी के पीछे एक बड़ी वजह घरेलू ब्रोकरेज फर्म ICICI Securities की रिपोर्ट भी है। ब्रोकरेज ने NSE के शेयर पर कवरेज शुरू करते हुए Buy रेटिंग दी है। 23 नवंबर को जारी अपनी रिसर्च रिपोर्ट में ICICI Securities ने NSE के लिए 2,650 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है।

सभी 17 एनालिस्ट्स ने शेयर पर दी बाय रेटिंग

खास बात यह है कि NSE को कवर करने वाले सभी 17 एनालिस्ट ने शेयर पर Buy रेटिंग दी है। ICICI Securities का 2,650 रुपये का टारगेट प्राइस इसे कवर करने वाली ब्रोकरेज फर्मों के बीच अब तक का सबसे ऊंचा टारगेट प्राइस बताया गया है। एनएसई कारोबारी वॉल्यूम के लिहाज से देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है। इसका मुकाबला बीएसई से है, जो एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।