Vijay Kedia की मल्टीबैगर ढूंढने वाली 'SMILE' स्ट्रेटजी! जानें छोटे शेयर से बड़ी कमाई का ये फॉर्मूला

Vijay Kedia Multibagger Strategy: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया अपनी लंबी अवधि की सोच के लिए जाने जाते हैं। वे छोटे शेयरों में शुरुआती दांव लगाकर मल्टीबैगर रिटर्न तलाशते हैं। इस काम के लिए वे 'SMILE' फ्रेमवर्क का इस्तेमाल करते हैं। यह फॉर्मूला कंपनी के आकार, अनुभव, महत्वाकांक्षा और बाजार क्षमता को परखता है। जानिए विजय केडिया की यह पूरी रणनीति आसान भाषा में

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 5:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
केडिया छोटे शेयरों में शुरुआती दांव लगाकर मल्टीबैगर रिटर्न तलाशते हैं

Vijay Kedia Multibagger Strategy: भारतीय शेयर बाजार में विजय केडिया को उन चुनिंदा निवेशकों में गिना जाता है जिन्होंने शुरुआती दौर में ही दमदार कंपनियों को पहचानकर लंबी अवधि में बड़ा मुनाफा कमाया। केडिया सिक्योरिटीज के मैनेजिंग डायरेक्टर विजय केडिया अपने खास निवेश आइडियाज और SMILE फ्रेमवर्क के लिए जाने जाते हैं। उनका मानना है कि शेयर बाजार में मोटी कमाई रातोंरात ट्रेडिंग से नहीं, बल्कि सही कंपनी चुनने, मजबूत मैनेजमेंट पर भरोसा करने और लंबे समय तक टिके रहने से आती है।

क्या है विजय केडिया का 'SMILE' फ्रेमवर्क?

विजय केडिया के निवेश दृष्टिकोण का आधार SMILE रणनीति है, जिसका पूरा अर्थ Small in size, Medium in experience, Large in aspiration, Extra-large in market potential यानी आकार में छोटा, अनुभव में मध्यम, महत्वाकांक्षा में बड़ा और बाजार क्षमता में बेहद बड़ा है।


S- Small in Size (आकार में छोटा): केडिया शुरुआती चरण की छोटी या कम चर्चित कंपनियों पर नजर रखते हैं, जहां शुरुआती दौर में ही प्रवेश करने का मौका मिल सके। उनका जोर इस बात पर रहता है कि कंपनी का बाजार हिस्सा अभी सीमित हो, लेकिन आगे बढ़ने की गुंजाइश बड़ी हो।

M- Medium in Experience (अनुभव में मध्यम): वे ऐसी मैनेजमेंट टीम को प्राथमिकता देते हैं जिसके पास न तो बिल्कुल नया अनुभव हो और न ही वह बदलाव से कतराने वाली अति-पुरानी सोच में फंसी हो। मध्यम स्तर का अनुभव यह दिखाता है कि कंपनी ने बाजार के उतार-चढ़ाव देखे हैं और बदलते हालात के मुताबिक खुद को ढालना जानती है।

L- Large in Aspiration (बड़ी महत्वाकांक्षा): किसी कंपनी को छोटा से बड़ा बनने के लिए मैनेजमेंट में बड़ी सोच और आगे बढ़ने की तीव्र इच्छा होनी चाहिए। केडिया के मुताबिक, प्रमोटरों की महत्वाकांक्षा, प्रतिबद्धता और पारदर्शिता कंपनी के कामकाज और वित्तीय नतीजों में झलकनी चाहिए।

E- Extra-Large in Market Potential (बाजार क्षमता में बेहद बड़ा): कंपनी जिस सेक्टर या श्रेणी में काम कर रही है, उसका कुल संभावित बाजार बहुत बड़ा होना चाहिए। केडिया का मानना है कि छोटे तालाब की बड़ी मछली बनने के बजाय बड़े और बढ़ते बाजार में जगह बनाने वाली छोटी कंपनी पर ध्यान देना ज्यादा प्रभावी होता है।

मैनेजमेंट की साख और ईमानदारी पर सबसे ज्यादा जोर

विजय केडिया के निवेश दर्शन में मैनेजमेंट की गुणवत्ता और ईमानदारी को सबसे अहम माना जाता है। उनके अनुसार, वित्तीय आंकड़े मैनेजमेंट के फैसलों का परिणाम होते हैं, इसलिए किसी भी कंपनी का आकलन करते समय प्रमोटरों की विश्वसनीयता और कारोबार चलाने के तरीके को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अगर मैनेजमेंट ईमानदार और सक्षम हो, तो प्रतिकूल परिस्थितियों में भी कंपनी संभलने की क्षमता रखती है।

लंबी अवधि की होल्डिंग और बाजार के उतार-चढ़ाव का नजरिया

मल्टीबैगर रिटर्न के लिए विजय केडिया लंबी अवधि तक निवेश बनाए रखने पर जोर देते हैं, ताकि कंपाउंडिंग का पूरा असर दिख सके। बार-बार भीतर-बाहर होने के बजाय मजबूत कारोबारी बुनियाद वाली कंपनियों में धैर्य बनाए रखना उनकी रणनीति का अहम हिस्सा है।

वे बाजार की अत्यधिक तेजी में अति-उत्साह या लालच और गिरावट के दौर में अत्यधिक निराशा से बचने की सलाह देते हैं। उनके मुताबिक, यदि कंपनी के मूल सिद्धांत और कारोबारी कहानी बरकरार है, तो बाजार की अस्थायी गिरावट को घबराहट के बजाय शांत दिमाग से परखना चाहिए।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। मनीकंट्रोल पर दिए गए एक्सपर्ट्स  के विचार उनके अपने होते है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।