Suzlon Energy Share: विंड और रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी सुजलॉन एनर्जी तमिलनाडु में नया विंड टर्बाइन ब्लेड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने जा रही है। कंपनी इस पर ₹200 करोड़ का निवेश करेगी। सुजलॉन के मुताबिक, इस प्लांट से अगले 12 महीनों में सालाना 1 GW की अतिरिक्त मैन्युफैक्चरिंग क्षमता जुड़ेगी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने थूथुकुडी में इस प्लांट की आधारशिला रखी। यह राज्य में सुजलॉन की तीसरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी। फिलहाल कंपनी की कोयंबटूर में दो यूनिट हैं।
95 मीटर तक लंबे ब्लेड बनेंगे
सुजलॉन के नए प्लांट में 95 मीटर तक लंबे विंड टर्बाइन ब्लेड बनाए जाएंगे। इनका इस्तेमाल कंपनी के S175 5 MW विंड टर्बाइन में होगा। सुजलॉन के मुताबिक, यह भारत की सबसे ऊंची और सबसे शक्तिशाली विंड टर्बाइन है।
कंपनी का कहना है कि इस प्लांट से 1,000 से ज्यादा कुशल मैन्युफैक्चरिंग नौकरियां पैदा होंगी। इनमें करीब 80% नौकरियां ग्रामीण इलाकों के लोगों को मिलने की उम्मीद है।
तीन AI-पावर्ड प्लांट लगाने की योजना
थूथुकुडी का प्लांट उन तीन AI-पावर्ड स्मार्ट ब्लेड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में शामिल होगा, जिन्हें सुजलॉन देश में लगाने की योजना बना रही है। बाकी दो प्लांट गुजरात और कर्नाटक में प्रस्तावित हैं।
इन प्लांट्स को ऐसे इलाकों के पास बनाया जा रहा है, जहां पवन ऊर्जा की अच्छी संभावना है। इससे कंपनी को ब्लेड बनाने और उनकी डिलीवरी करने में मदद मिलेगी। सुजलॉन के पास करीब 6 GW का ऑर्डर बुक है। नई क्षमता से उसे इन ऑर्डर्स को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने यह भी बताया कि नया प्लांट पूरी तरह रिन्यूएबल एनर्जी से चलेगा।
सुजलॉन एनर्जी का शेयर बुधवार को 0.75% की तेजी के साथ 36.13 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 33.08% नीचे आया है। हालांकि, 5 साल में इसने 475% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 49.48 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।