पीटीसी इंडस्ट्रीज का शेयर बीते 6 महीने में 49 फीसदी चढ़ चुका है। 25 नवंबर को इस शेयर में शुरुआत में अच्छी तेजी दिखी। हालांकि, बाद में यह लाल निशान में आ गया। पीटीसी इंडस्ट्रीज को 400 टन टाइटेनियम प्रोडक्ट्स की सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्सने भी शेयर पर अपनी 'बाय' रेटिंग यानी खरीदने की सलाह बरकरार रखी है।
इस ऑर्डर से कंपनी के रेवेन्यू को मिलेगा सपोर्ट
गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि यह ऑर्डर कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और रेवेन्यू के लिहाज से काफी सकारात्मक है। PTC Industries ने सोमवार को बताया था कि उसे भारतीय डिफेंस सेक्टर से टाइटेनियम इंगट्स, बार और रॉड की सप्लाई का ऑर्डर मिला है। इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल महत्वपूर्ण रक्षा जरूरतों में किया जाएगा।
12 महीनों में इस ऑर्डर को करना होगा पूरा
कंपनी को अगले 12 महीनों में इस ऑर्डर को पूरा करना है। हालांकि, कंपनी ने अभी इस कॉन्ट्रैक्ट की कुल वैल्यू के बारे में नहीं बताया है। Goldman Sachs के मुताबिक, यह ऑर्डर कंपनी की वैक्यूम आर्क रीमेल्टिंग (VAR) प्रक्रिया के जरिए FY28 में अनुमानित उत्पादन का करीब 53 फीसदी है।
नए ऑर्डर से मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का बेहतर इस्तेमाल
गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक, कंपनी की मौजूदा 1,500 टन की VAR क्षमता इस ऑर्डर के तहत टाइटेनियम इंगट्स की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त होगी। ब्रोकरेज फर्म का यह भी मानना है कि इस बड़े ऑर्डर से कंपनी की रोलिंग मिल और बार-रॉड मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी को चालू करने की प्रक्रिया तेज हो सकती है। इससे कंपनी की उत्पादन क्षमता का बेहतर इस्तेमाल होगा और FY28 के लिए रेवेन्यू विजिबिलिटी मजबूत होगी।
डिफेंस ऑर्डर बुक को मिलेगी और मजबूती
यह नया कॉन्ट्रैक्ट PTC Industries की डिफेंस ऑर्डर बुक को और मजबूत करेगा। इसके साथ ही रणनीतिक जरूरतों के लिए टाइटेनियम प्रोडक्ट्स बनाने वाली घरेलू कंपनी के तौर पर उसकी स्थिति बेहतर हो सकती है। टाइटेनियम का इस्तेमाल ऐसे रक्षा उपकरणों और सिस्टम में किया जाता है, जहां अधिक मजबूती, जंग से बचाव, आकार में स्थिरता और लंबे समय तक भरोसेमंद प्रदर्शन की जरूरत होती है।
डिफेंस के मामले में बढ़ रही है आत्मनिर्भरता
PTC Industries के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सचिन अग्रवाल ने कहा कि यह कॉन्ट्रैक्ट कंपनी की इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को प्रमाणित करता है। इसमें अलॉय मेल्टिंग, इंगट प्रोडक्शन, फोर्जिंग और मिल प्रोडक्ट्स का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर भरोसेमंद तरीके से टाइटेनियम प्रोडक्ट्स बनाने की क्षमता दिखाती है कि भारत उन रणनीतिक सामग्रियों का घरेलू स्तर पर उत्पादन करने में सक्षम हो रहा है, जिनके लिए पहले विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था।
छह महीनों 49 फीसदी भागा है शेयर
पीटीसी इंडस्ट्रीज का शेयर 24,670 रुपये पर खुला। लेकिन कुछ देर बाद ही इसने अपनी बढ़त गंवा दी। पूरे दिन उतार-चढ़ाव के बाद यह आखिर में 0.47 फीसदी गिरकर 24,310 रुपये पर बंद हुआ। बीते छह महीने में यह शेयर 49 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। 25 नवंबर को शेयर बाजार में जबर्दस्त तेजी आई।