PhonePe IPO: बाजार में दस्तक देने को तैयार फोनपे, ₹12,000 करोड़ जुटाने की तैयारी, जानें कब आएगा इश्यू

PhonePe IPO: फोनपे ने अपने आईपीओ की प्रक्रिया फिर शुरू कर दी है और FY27 की चौथी तिमाही में 12–15 अरब डॉलर वैल्यूएशन पर लिस्टिंग की तैयारी है। कंपनी जल्द संशोधित DRHP दाखिल कर सकती है और शुद्ध OFS से ₹12,000 करोड़ जुटाने का लक्ष्य है। क्रेडिट कारोबार में 100% उछाल और मुनाफे में वापसी के दावों के बीच क्या PhonePe वैल्यूएशन में Paytm को पछाड़ देगा? जानिए पूरी डिटेल

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 4:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UPI पेमेंट्स में 45 फीसदी से ज्यादा बाजार हिस्सेदारी के साथ फोनपे देश की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट कंपनी है

PhonePe IPO: वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली देश की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट कंपनी PhonePe ने अपने IPO की प्रक्रिया को फिर से शुरू कर दिया है। इस मामले से जुड़े बैंकरों के मुताबिक, कंपनी वित्त वर्ष 2027 की चौथी तिमाही (Q4) के दौरान करीब 12 से 15 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर लिस्ट होने की तैयारी कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि मोबाइल पेमेंट क्षेत्र की यह दिग्गज कंपनी अगले 15 दिनों के भीतर अपना संशोधित DRHP दाखिल कर सकती है। इससे पहले कंपनी ने इस साल की शुरुआत में भू-राजनीतिक परिस्थितियों और निवेशक धारणा का हवाला देते हुए अपनी आईपीओ प्रक्रिया को रोक दिया था।

दिलचस्प बात यह है कि यह घटनाक्रम उसी दिन सामने आया है जब वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली एक अन्य दिग्गज कंपनी Flipkart में बड़ा उथल-पुथल देखने को मिला है। फ्लिपकार्ट के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति ने एक दशक लंबे कार्यकाल के बाद पद छोड़ने का फैसला किया है। आपको बता दें कि अलग पेमेंट कंपनी बनने से पहले फोनपे भी फ्लिपकार्ट ग्रुप का ही हिस्सा हुआ करती थी।


आईपीओ में ₹12,000 करोड़ का होगा नेट OFS

सूत्रों के अनुसार, यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, जिसके जरिए करीब ₹12,000 करोड़ जुटाए जाने की उम्मीद है। इसका मतलब है कि इस इश्यू के जरिए मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।

मुनाफे में लौटने से Paytm से ज्यादा वैल्यूएशन मिलने की उम्मीद

बैंकरों के मुताबिक, कंपनी का रेवेन्यू 40 फीसदी की दर से बढ़ रही है, जबकि इसका क्रेडिट बिजनेस सालाना आधार (YoY) पर 100 फीसदी की रफ्तार से ग्रोथ कर रहा है।

एक सूत्र ने बताया कि फोनपे ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (H1) के दौरान नेट प्रॉफिटेबिलिटी हासिल कर ली है, जिससे कंपनी को पहले की उम्मीदों के मुकाबले बेहतर वैल्यूएशन मिलने में मदद मिल सकती है।

वहीं एक अन्य बैंकर ने कहा, 'फोनपे का रेवेन्यू पेटीएम से ज्यादा रहने की संभावना है और शुद्ध मुनाफे में आने से कंपनी को अपनी लिस्टेड प्रतिद्वंद्वी पेटीएम की तुलना में अधिक वैल्यूएशन पाने में मदद मिलेगी, जिसका मौजूदा वैल्यूएशन करीब 11 अरब डॉलर है'।

बता दें कि मनीकंट्रोल ने पहले रिपोर्ट दी थी कि फोनपे ने आईपीओ प्रक्रिया इसलिए रोकी थी क्योंकि म्यूचुअल फंड्स और अन्य निवेशक कंपनियां इसे 10 अरब डॉलर से अधिक का वैल्यूएशन देने को तैयार नहीं थीं।

कैसा रहा है फोनपे का वित्तीय प्रदर्शन और कारोबार?

वित्तीय आंकड़ों पर नजर डालें तो FY26 में फोनपे का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 11 फीसदी बढ़कर ₹7,920 करोड़ रहा, जो वित्त वर्ष 2025 (FY25) में ₹7,115 करोड़ था। वहीं, FY26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध घाटा 62 फीसदी बढ़कर ₹2,792 करोड़ हो गया, जो FY25 में ₹1,727 करोड़ था।

कारोबार की बात करें तो UPI पेमेंट्स में 45 फीसदी से ज्यादा बाजार हिस्सेदारी के साथ फोनपे देश की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट कंपनी है। इसके अलावा कंपनी स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग ऐप share.market, लेंडिंग प्लेटफॉर्म और इंश्योरेंस पॉलिसी बिक्री समेत कई अन्य वर्टिकल्स में भी कारोबार करती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।