Dividend Share: एयरलाइन इंडस्ट्री को सॉफ्टवेयर मुहैया कराने वाली ग्लोबल कंपनी Accelya Solutions का हिस्सा Accelya Solutions India वित्त वर्ष 2025 के लिए 50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने वाली है। यह कंपनी इंडियन स्टॉक एक्सचेंजेस में लिस्टेड है। कंपनी ने अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही के नतीजों की घोषणा के दौरान अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया। इसके लिए रिकॉर्ड डेट नए शुरू हो रहे सप्ताह में 30 जनवरी 2025 को है।
इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे। डिविडेंड पेआउट डेट 18 फरवरी 2025 है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 के लिए शेयरहोल्डर्स को 40 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था।
Accelya Solutions के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर की कीमत बीएसई पर शुक्रवार, 24 जनवरी को 1500.65 रुपये पर बंद हुई। कंपनी का मार्केट कैप 2200 करोड़ रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, Accelya Solutions का शेयर साल पिछले 6 महीनों में 20 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी में प्रमोटर्स के पास दिसंबर 2024 के आखिर तक 74.66 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
दिसंबर तिमाही में मुनाफा 4 प्रतिशत बढ़ा
अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 6.7 प्रतिशत बढ़कर 133.17 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 124.75 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 4.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 32.36 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो दिसंबर 2023 तिमाही में 30.93 करोड़ रुपये था। कुल खर्च बढ़कर 92.22 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 87.29 करोड़ रुपये के थे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।