Dividend Stocks: स्टॉक मार्केट से शेयरों की तेजी के अलावा डिविडेंड के रूप में एक्स्ट्रा मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके लिए बस करना ये होता है कि जिस कंपनी ने डिविडेंड का ऐलान किया है, वह आपके पोर्टफोलियो में कम से कम रिकॉर्ड डेट तक होल्ड रहना चाहिए। एक शेयर से तगड़े डिविडेंड की कमाई का मौका जल्द गुजरने वाला है और हर शेयर पर 685 रुपये का डिविडेंड पा सकते हैं। यह शेयर 3M India का जिससे अतिरिक्त कमाई का मौका जल्द ही खत्म होने वाला है यानी कि रिकॉर्ड डेट एकदम नजदीक है।
3M India के डिविडेंड के लिए क्या है रिकॉर्ड डेट
अमेरिकी कंपनी 3एम की भारतीय इकाई 3एम इंडिया शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 160 रुपये का फाइनल डिविडेंड दे रही है। इसके अलावा कंपनी ने 28 मई को 525 रुपये के स्पेशल डिविडेंड का भी ऐलान किया यानी कि हर शेयर पर निवेशकों को 625 रुपये का डिविडेंड मिलेगा। इन दोनों ही डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 5 जुलाई 2024 फिक्स किया गया है। शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलने के बाद इस डिविडेंड को एक महीने के भीतर शेयरहोल्डर्स के खाते में क्रेडिट कर दिया जाएगा। पिछले साल 2023 में कंपनी ने हर शेयर पर 100 रुपये के फाइनल डिविडेंड और 2022 में 850 रुपये के स्पेशल डिविडेंड का ऐलान किया था। कंपनी ने अभी तक बोनस नहीं दिया है और न ही स्टॉक स्प्लिट किया है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
3एम इंडिया के शेयर पिछले साल 9 अगस्त 2023 को एक साल के निचले स्तर 26,628.00 रुपये पर थे। इस निचले स्तर से 11 महीने में यह 53 फीसदी से अधिक उछलकर 2 जुलाई 2024 को 40,856.50 रुपये के भाव पर पहुंच गए जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। आज की बात करें तो NSE पर यह 1.39 फीसदी की बढ़त के साथ 39,450.05 रुपये पर बंद हुआ है। यह कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकॉम, इंडस्ट्रियल, हेल्थकेयर, सेफ्टी और बाकी मार्केट्स के लिए प्रोडक्ट्स बनाती है।