DLF The Dahlias Penthouse Sold: देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ ने गुरुग्राम में स्थित अपने अपकमिंग सुपर-लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट 'द डहलियाज' में एक पेंटहाउस ₹271 करोड़ में बेचा है। प्रति वर्ग फुट की दर से देखा जाए तो यह भारतीय रियल एस्टेट इतिहास के सबसे महंगे मकान सौदों में से एक बन गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस अल्ट्रा-लग्जरी पेंटहाउस को इम्पीरियल ऑटो से जुड़े उद्यमी मानव सरदाना ने खरीदा है।
₹1.58 लाख प्रति वर्ग फुट पर हुई डील
डीएलएफ के इस पेंटहाउस की कीमतें और इसका साइज देखकर हर कोई हैरान है। इस पेंटहाउस का सुपर एरिया 17,200 वर्ग फुट और कारपेट एरिया 10,500 वर्ग फुट है। सुपर एरिया के हिसाब से यह सौदा करीब ₹1.58 लाख प्रति वर्ग फुट में हुआ है। वहीं अगर कारपेट एरिया के आधार पर गणना करें, तो इसकी कीमत ₹2.6 लाख प्रति वर्ग फुट बैठती है।
डीएलएफ ने अक्टूबर 2024 में गुरुग्राम के DLF Phase 5 में 17 एकड़ में फैले इस सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट 'द डहेलियाज' को लॉन्च किया था। इस प्रोजेक्ट में कुल 420 अपार्टमेंट और पेंटहाउस शामिल हैं।
₹40,000 करोड़ का रेवेन्यू टारगेट, 65% यूनिट्स बिकीं
डीएलएफ को 'द डहेलियाज' प्रोजेक्ट से ₹40,000 करोड़ से अधिक के कुल रेवेन्यू की उम्मीद है। लॉन्च के बाद से अब तक इस प्रोजेक्ट की 65% से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। इस प्रोजेक्ट में नॉर्मल अपार्टमेंट की कीमत ₹100 करोड़ से ₹170 करोड़ के बीच है, जबकि पेंटहाउसेज की कीमत इससे भी ज्यादा है।
कोरोना महामारी के बाद से ही देश के प्रमुख 7 बड़े शहरों में लग्जरी और सुपर-लग्जरी अपार्टमेंट्स की मांग में जबरदस्त उछाल आया है, जिसमें गुरुग्राम और मुंबई सबसे आगे बने हुए हैं।
डीएलएफ का बिजनेस आउटलुक और Q1 नतीजे
चालू वित्त वर्ष (FY27) की पहली तिमाही में कोई नया प्रोजेक्ट लॉन्च न होने के कारण डीएलएफ की सेल्स बुकिंग 94% घटकर ₹657 करोड़ रह गई थी। इसके बावजूद कंपनी अपने प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त है। वित्त वर्ष 2025-26 में डीएलएफ ने ₹20,143 करोड़ की सेल्स बुकिंग दर्ज की थी।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कंपनी ने ₹20,000 करोड़ के सालाना सेल्स बुकिंग गाइडेंस को हासिल करने का भरोसा जताया है। जून तिमाही में कुल आय घटकर ₹1,605.56 करोड़ रहने के बावजूद डीएलएफ का समेकित शुद्ध लाभ 4% बढ़कर ₹793.90 करोड़ हो गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।