ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी EaseMyTrip के शेयरों में 11 जनवरी को 19 प्रतिशत तक की जबर्दस्त तेजी देखने को मिली। भारत-मालदीव के बीच पैदा हुए विवाद में अचानक हीरो बनकर उभरी EaseMyTrip ने नई सब्सिडियरी ईजमाय ट्रिप इंश्योरेंस ब्रोकर प्राइवेट लिमिटेड (EaseMyTrip Insurance Broker Private Limited) के साथ इंश्योरेंस सेक्टर में कदम रखा है। मालदीव के 3 मंत्रियों की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के चलते EaseMyTrip ने मालदीव के लिए सभी फ्लाइट बुकिंग्स रद्द कर दी थीं और नई बुकिंग भी बंद कर दी थीं। कंपनी की ओर से कहा गया 'देश पहले, बिजनेस बाद में'।
11 जनवरी को EaseMyTrip का शेयर सुबह बढ़त के साथ बीएसई पर 44.79 रुपये पर खुला। दिन के दौरान इसने पिछले बंद भाव से 19 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया और 52.76 रुपये के हाई पर पहुंच गया। पिछले 5 दिनों में ईज माई ट्रिप का शेयर 8 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। कारोबार खत्म होने पर शेयर 17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51.81 रुपये पर सेटल हुआ।
क्यों उतरी इंश्योरेंस सेक्टर में
कंपनी ने 10 जनवरी को शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि यह कदम सर्विस पोर्टफोलियो को डायवर्सिफाई करने, बिजनेस ऑपरेशंस और रेवेन्यू बढ़ाने के लिए नए रास्ते क्रिएट के लिए है। साथ ही ईज माय ट्रिप ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए स्पेशलाइज्ड प्रोडक्ट क्रिएट करके इंश्योरेंस मार्केट में उतरना चाहती है। नए वेंचर से कंपनी की पोजिशन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह ईजमाय ट्रिप के 2 करोड़ यूजर्स के साथ 7.9 लाख करोड़ रुपये के मार्केट को कवर करेगा। EaseMyTrip के को-फाउंडर और प्रमोटर निशांत पिट्टी, ईजमायट्रिप इंश्योरेंस ब्रोकर में डायरेक्टर हैं।
मालदीव की ट्रैवल बॉडी की EaseMyTrip से गुहार
मालदीव की ट्रैवल बॉडी ने EaseMyTrip के सीईओ निशांत पिट्टी से आग्रह किया है कि वह अपने फैसले को बदल दें। मालदीव एसोसिएशन ऑफ ट्रैवल एजेंट्स एंड टूर ऑपरेटर्स (MATATO) का कहना है कि दोनों देशों को आपस में जोड़ने वाली डोर राजनीति से परे है। दोनों देशों के टूर ऑपरेटर्स केवल कारोबारी सहयोगी नहीं हैं बल्कि भाई-बहन की तरह हैं। ट्रैवल बॉडी के मुताबिक उनके देश के लिए टूरिज्म सेक्टर लाइफलाइन की तरह है। मालदीव की जीडीपी में इसकी दो-तिहाई से अधिक हिस्सेदारी है और यह करीब 44 हजार नागरिकों को रोजगार मुहैया कराता है।
यह भी कहा कि मालदीव के टूरिज्म सेक्टर की सफलता में इंडियन मार्केट एक अनिवार्य शक्ति बना हुआ है। भारतीय पर्यटकों से मालदीव के गेस्ट हाउस और छोटे-मंझले आकार की कंपनियों (SME) को बड़ा सपोर्ट मिलता है।