Effwa Infra and Research के शेयरों ने 12 जुलाई को शेयर बाजार में लिस्ट होते ही निवेशकों को तगड़ा मुनाफा कराया। शेयर NSE SME पर IPO के अपर प्राइस बैंड 82 रुपये से 90 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 155.80 रुपये पर लिस्ट हुआ। लिस्टिंग के तुरंत बाद शेयर में 5 प्रतिशत का उछाल आया और 163.55 रुपये पर अपर सर्किट लग गया।
Effwa Infra and Research की शुरुआत 2014 में हुई थी। यह जल प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में इंजीनियरिंग, कंसल्टिंग, खरीद, निर्माण और इंटीग्रेटेड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सर्विसेज देती है। इनमें वेस्टवाटर, इंडस्ट्रियल एफ्ल्यूएंट ट्रीटमेंट सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट और डिस्पोजल, एयरेशन सिस्टम्स, खतरनाक वेस्ट मैनेजमेंट और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शामिल हैं।
इसके अलावा कंपनी सलाहकार और विशेषज्ञ के रूप में प्रोजेक्ट ऑर्गेनाइजेशन, मैनेजमेंट, खरीद, फाइनेंसिंग और इंप्लीमेंटेशन भी प्रदान करती है। कंपनी आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और राजस्थान राज्यों के साथ-साथ विशेष आर्थिक क्षेत्र और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अपनी सेवाएं देती है।
कितना सब्सक्राइब हुआ था IPO
51.27 करोड़ रुपये का Effwa Infra and Research IPO 5 जुलाई को खुला था और 9 जुलाई को क्लोज हुआ। कंपनी ने 43.60 करोड़ रुपये के 53.17 लाख नए शेयर जारी किए। साथ ही 7.68 करोड़ रुपये के 9.36 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल भी था। इश्यू कुल 313.65 गुना सब्सक्राइब हुआ। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 166.56 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 477.27 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 323.81 गुना भरा।
कंपनी के प्रमोटर डॉ. वर्षा सुभाष कमल और सुभाष रामअवतार कमल हैं। IPO के बाद कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी घटकर 72.99 प्रतिशत पर आ गई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।