Eicher Motors Q4 results: आयशर मोटर्स ने 22 मई को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। कंपनी का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट इस दौरान 12 फीसदी बढ़कर 1,520 करोड़ रुपये रहा। यह एनालिस्ट्स की उम्मीद से ज्यादा है। एनालिस्ट्स ने 1,487 करोड़ रुपये प्रॉफिट का अनुमान लगाया था। ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू 16 फीसदी बढ़कर 6,080 करोड़ रुपये रहा।
प्रति शेयर 82 रुपये डिविडेंड का ऐलान
Eicher Motors ने शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया। कंपनी के शेयरों पर नतीजों का असर 25 मई को देखने को मिलेगा। कंपनी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बनाती है, जिसकी स्ट्रॉन्ग डिमांड है। कंपनी ने प्रति शेयर जोरदार 82 रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया है।
जीएसटी में कमी से कंपनी को मिला फायदा
प्रीमियम मोटरसाइकिल बनाने वाली कंपनी को जीएसटी में कमी का सबसे ज्यादा फायदा मिला है। सरकार ने पिछले साल सितंबर में 350 सीसी कैटेगरी की मोटरसाइकिल पर जीएसटी 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया था। कंपनी के पोर्टफोलियो में 350 सीसी कैटेगरी की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है।
FY26 कंपनी के लिए रहा शानदार
आयशर मोटर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर बी गोविंदराजन ने कहा कि FY26 कंपनी और रॉयल एनफील्ड के लिए असाधारण साल रहा। इस दौरान ग्रोथ स्ट्रॉन्ग रही और वाॉल्यूम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। कंपनी ने लगातार दूसरे साल 10 लाख मोटरसाइकिल की बिक्री का लक्ष्य हासिल किया। कंपनी के लिए पिछले साल का फेस्टिव सीजन भी शानदार रहा।
कंपनी क्षमता विस्तार पर कर रही बड़ा निवेश
उन्होंने कहा कि कंपनी ने इस साल अप्रैल में अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल लॉन्च की। उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय बिजनेस पर फोकस बनाए रखा है। ब्राजील जैसे बाजारों में कंपनी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। कंपनी भविष्य को ध्यान में रख अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है। इसके लिए वह अपने प्लांट्स पर 958 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।
बीते एक साल में शेयर 30 फीसदी उछला
आयशर मोटर्स का शेयर 22 मई को 1.35 फीसदी चढ़कर 6,985 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक साल में कंपनी का शेयर करीब 30 फीसदी उछला है। 25 मई को शेयर बाजार खुलने पर कंपनी के शेयरों में तेजी दिख सकती है। 22 मई को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में तेजी दिखी।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।