Eicher Motors के शेयरों में आज 4 जुलाई को 6 फीसदी तक की गिरावट आई है। इस समय यह शेयर NSE पर 6.06 फीसदी गिरकर 3,410.80 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, अमेरिका स्थित हार्ले डेविडसन (Harley Davidson) ने आयशर की रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) को टक्कर देने के लिए अपनी सबसे सस्ती बाइक को लॉन्च किया है। इस X440 बाइक को कंपनी ने Hero MotoCorp के साथ मिलकर तैयार किया है। यही वजह है कि आज Eicher Motors के शेयर दबाव में हैं। वहीं दूसरी ओर, हीरो मोटोकॉर्प के शेयरों में उछाल देखने को मिल रहा है।
Hero MotoCorp के शेयरों में उछाल
एक तरफ जहां Eicher Motors के शेयरों में आज गिरावट आई है, तो वहीं दूसरी ओर Hero MotoCorp के शेयर 4.70 फीसदी की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। यह स्टॉक NSE पर 3035.05 रुपये के भाव पर पहुंच गया है। ग्लोबल ब्रोकरेज नोमुरा ने 2870 रुपये प्रति शेयर के टारगेट के साथ हीरो मोटोकॉर्प पर अपनी 'neutral' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने कहा कि नई हार्ले X440 आकर्षक कीमत पर लॉन्च की गई है और यह भारत में सबसे सस्ती हार्ले डेविडसन बाइक होगी।
Harley Davidson X440 में क्या है खास
Harley Davidson ने X440 लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 2.29 लाख रुपये से 2.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक है। इसका सीधा मुकाबला आयशर मोटर्स की रॉयल एनफील्ड Classic 350 से है, जिसकी शुरुआती कीमत 1.93 लाख रुपये है। वहीं, इसका मुकाबला Hunter 350 से भी होगा, जिसकी कीमत 1.5 लाख रुपये है। Harley Davidson X440 को आज यानी 4 जुलाई से 5000 रुपये का भुगतान करके बुक कर सकते हैं। बाइक की डिलीवरी अक्टूबर 2023 से शुरू होगी।
कैसे रहे ऑटो सेल्स के आंकड़े
1 जुलाई को आयशर मोटर ने घोषणा की कि उसकी 350cc बाइक की बिक्री जून 2023 में सालाना 36 फीसदी बढ़कर 68,664 यूनिट हो गई। वहीं, FY24 की पहली तिमाही में बिक्री 30 फीसदी बढ़कर 2,02,430 यूनिट हो गई। हालांकि, 350cc से ज्यादा इंजन वाली बाइक्स की बिक्री जून में सालाना आधार पर 23 फीसदी गिरकर 8445 यूनिट्स रह गई। इस तरह, कुल बिक्री में सालाना आधार पर 26 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि जून में निर्यात में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की गिरावट आई है। पहली तिमाही में कुल घरेलू बिक्री 22 प्रतिशत बढ़ी, जबकि निर्यात 31 प्रतिशत गिर गया। हीरो मोटोकॉर्प की बात करें तो जून में उसकी बाइक की बिक्री सालाना आधार पर 12 फीसदी घटकर 404,474 यूनिट रह गई।