Eicher Motors Share Price: रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) बुलेट बेचने वाली दिग्गज कंपनी आयशर मोटर्स (Eicher Motors) के शेयर टूटकर करीब दो महीने के निचले स्तर पर आ गए हैं। पिछले तीन कारोबारी दिनों में यह 11 फीसदी कमजोर हुआ है। Eicher Motors के शेयरों में यह गिरावट तब से दिख रही है जब से बजाज ऑटो (Bajaj Auto) और ब्रिटिश मोटरसाइकिल ब्रांड ट्राएंफ (Triumph) ने मिलकर देश में ट्राएंफ स्पीड 400 (Triumph Speed 400) और स्क्रैम्बलर 400 एक्स (Scrambler 400 X) मोटरसाइकिल्स लॉन्च किया है।
बजाज ऑटो और ट्राएंफ की जुगलबंदी के चलते आयशर मोटर्स के शेयर आज इंट्रा-डे में 3 फीसदी से अधिक फिसलकर 3207.55 रुपये पर आ गए थे जो 25 अप्रैल के बाद से निचला स्तर है। दिन के आखिरी में यह 2.63फीसदी की गिरावट के साथ 3222.90 रुपये पर बंद हुआ है।
बजाज की जुगलबंदी ने कैसे डाला असर
बजाज ऑटो ने 400 सीसी की ट्राएंफ स्पीड 400 को शुरुआती 10 हजार ग्राहकों के लिए 2.33 लाख रुपये में लॉन्च किया है। इसके अलावा कंपनी ने 400 सीसी की एक और बाइक लॉन्च की है। रॉयल एनफील्ड इस सेगमेंट की दिग्गज कंपनी है तो बजाज की नई लॉन्चिंग ने रॉयल एनफील्ड की पैरेंट कंपनी के शेयरों पर भी दबाव बनाया।
बजाज और ट्राएंफ की जुगलबंदी के अलावा अमेरिकी की हार्ले डेविडसन और हीरो मोटोकॉर्प की जुगलबंदी से भी झटका लगा है। इस हफ्ते की शुरुआत में दोनों ने मिलकर 2.29-2.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में मोटरबाइक X440 लॉन्च किया है। इसकी तुलना रॉयल एनफील्ड से करें तो इसकी क्लासिक 350 की शुरुआती कीमत 1.93 लाख रुपये और हंटर 350 की 1.5 लाख रुपये है।
17% डिस्काउंट पर है Eicher Motors
आयशर मोटर्स के शेयर पिछले साल 6 जुलाई 2022 को एक साल के निचले स्तर 2810 रुपये पर थे। इसके बाद चार महीने में यह 38 फीसदी से अधिक उछलकर 1 नवंबर 2022 को 3886 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। हालांकि शेयर इस हाई लेवल तक दोबारा पहुंच नहीं पाए। इस रिकॉर्ड हाई से यह फिलहाल करीब 17 फीसदी नीचे है।