Exide Industries Q2 Results: बैटरी बनाने वाले कंपनी एक्साइड इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Exide Industries) ने अपने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए है। सितंबर तिमाही में कंपनी के मुनाफे और ऑपरेशनल मोर्चे पर मजबूत प्रदर्शन किया है। यहीं वजह है कि नतीजों के बाद शेयरों में जोरदार उछाल आया और यह 7 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 371.55 रुपये पर ट्रेड कर रहा।
कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल की इसी तिमाही के ₹4,364 करोड़ से 21.3% बढ़कर ₹5,292 करोड़ हो गया।
इस अवधि में नेट प्रॉफिट लगभग 65% बढ़कर ₹287 करोड़ हो गया, जो पिछले साल ₹174 करोड़ था। अन्य आय में गिरावट और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी के बावजूद, मजबूत ऑपरेटिंग प्रदर्शन और रेवेन्यू में बढ़ोतरी ने कंपनी के मुनाफे को बढ़ाने में मदद की।
इस तिमाही के लिए ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई (EBITDA) ₹561 करोड़ रही, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 43.5% अधिक है। वहीं, मार्जिन 200 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर 11% हो गया, जो पिछले साल 9% था। मैनेजमेंट ने बताया कि मार्जिन में इस बढ़ोतरी के पीछे लागत कम करने के उपाय, कीमतों में सोच-समझकर की गई वृद्धि और वॉल्यूम में बढ़ोतरी जैसे मुख्य कारण रहे।
एक्साइड इंडस्ट्रीज ने इस तिमाही में हुई वृद्धि का श्रेय अच्छी मांग, GST 2.0 से मिल रहे लगातार फायदों, लोअर बेस और "वन एक्साइड" (One Exide) ऑपरेटिंग मॉडल के बेहतर क्रियान्वयन को दिया।
हालांकि, जियोपॉलिटिकल टेंशन के कारण इनपुट लागत अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी रही। पिछली तिमाही की तुलना में देखें तो, करेंसी (मुद्रा) के कमजोर होने की वजह से लेड (LME) और एंटीमनी की कीमतों में आई कमी का पूरा फायदा नहीं मिल सका।
कंपनी के प्रमुख व्यवसायों में डबल डिजिट की बढ़त देखी गई। इसमें ऑटोमोटिव OEM व्यवसाय शामिल है, जिसमें लगातार चौथी तिमाही में साल-दर-साल 25% से अधिक की वृद्धि हुई। इसके अलावा, टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर रिप्लेसमेंट व्यवसाय में भी लगातार चौथी तिमाही में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की गई, जिसका मुख्य कारण आफ्टरमार्केट में बनी स्थिर मांग रही।
होम इनवर्टर और सोलर सेगमेंट में भी लगातार दूसरी तिमाही में साल-दर-साल 20% से अधिक की वृद्धि देखने को मिली, जिसका एक कारण लोअर बेस भी था। इस तिमाही के दौरान, एक्साइड ने यूरोप में अपने इंडस्ट्रियल बैटरी और एनर्जी स्टोरेज कारोबार को बढ़ाने के लिए जर्मनी की 'एक्स्कॉम एनर्जी सॉल्यूशंस जीएमबीएच' (ExCom Energy Solutions GmbH) के साथ एक दीर्घकालिक रणनीतिक सहयोग समझौता किया है।
नतीजों के ऐलान के बाद शेयर दोपहर 2.15 बजे के आसपास एक्साइड इंडस्ट्रीज के शेयर 7.71% की तेजी के साथ ₹373.70 पर कारोबार कर रहे हैं। पिछले एक महीने में इस स्टॉक में 10% की गिरावट आई है।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।