बाजार की शुरुआत आज कमजोरी के साथ हुई थी। लेकिन रिलायंस इंडस्ट्री के दम पर बाजार में शानदार रिकवरी आई है। निचले स्तरों से निफ्टी 125 अंक तो बैंक निफ्टी में करीब 300 अंकों का सुधार आया है। मिडकैप इंडेक्स में भी खरीदारी लौटी है। FMCG शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली है। निफ्टी FMCG इंडेक्स करीब 1.5 फीसदी चढ़ा है। नेस्ले 4 फीसदी से ज्यादा के उछाल के साथ वायदा का टॉप गेनर बना है। साथ ही जुबिलेंट फूड, कोलगेट और मैरिको में भी अच्छी खरीदारी देखने की मिल रही है। वहीं IT और ऑटो शेयरों में मुनाफावसूली आई है। रेलवे शेयरों में तूफानी तेजी जारी है। 6 फीसदी के उछाल के साथ IRFC 100 रुपये के पार निकल गया है। साथ ही BEML, RAIL TEL और IRCTC में 3 से 5 फीसदी दौड़े है।
बाजार की चाल पर बात करते हुए ट्रेडबुल सिक्योरिटीज के डीवीपी-टेक्निकल (इक्विटी) सच्चिदानंद उत्तेकर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि निफ्टी 21,000 अंक से नीचे जाएगा। उन्होंने मनीकंट्रोल से कहा कि उन्हें निकट की अवधि में कुछ गिरावट की उम्मीद है, लेकिन निफ्टी के 21,000 के स्तर से नीचे जाने की उम्मीद नहीं है।
उधर एक करेक्शन को जरूरी बताते हुए, जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के वीके विजयकुमार का कहना कि कंसोलीडेशन बाजार को स्वस्थ बनाएगा। पिछले दो हफ्तों की जोरदार तेजी के बाद अब हेल्दी करेक्शन की जरूरत है।
बाजार में अब इस बात को लेकर आम सहमति है कि अगले कुछ दिनों तक साइडवेज़ ट्रेडिंग जारी रहेगी। सैमको सिक्योरिटीज के तकनीकी विश्लेषक ओम मेहरा का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बाजार साइडवेज़ रहेंगे, क्योंकि दिसंबर की दूसरी छमाही में आम तौर पर वॉल्यूम में कमी देखने को मिलती है।
च्वाइस ब्रोकिंग के देवेन मेहता की राय है कि तकनीकी रूप से, निफ्टी के 21,200-21,500 के दायरे में कंसोलीडेट होने की उम्मीद है। इस दायरे के ऊपर या नीचे किसी भी तरफ टूटने पर बाजार की दिशा तय होगी।
मिड-कैप और स्मॉल-कैप को "जोखिम भरा" बताते हुए, विजयकुमार ने निवेशकों को सलाह दी है कि रिटेल निवेशकों की भारी खरीदारी के चलते मिड-कैप और स्मॉल-कैप बहुत तेजी से भागे है, जिसके चलते इनका वैल्यूएशन काफी महंगा हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि संस्थागत निवेशकों की खरीदारी अगला दौर नए साल के शुरुआती दिनों में शुरू होने की संभावना है। इस समय मिड-कैप और स्मॉल-कैप से बच कर रहने की जरूरत है।
इस स्थिति में विश्लेषक निवेशकों को गिरावट पर हाई क्वालिटी वाले लार्ज-कैप में खरीदारी की सलाह दे रहे हैं। विजयकुमार ने पीएसयू बैंकों में डिफेंसिव प्ले के तौर पर दांव लगाने की सलाह दी है। उनका मानना है कि बैंकिंग शेयरों का वैल्यूएशन अच्छा लग रहा है।
मोतीलाल ओसवाल ने भी अपने हालिया रिपोर्ट में भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब नेशनल बैंक के लिए टारगेट प्राइस को बढ़ाते हुए कहा है कि पूरा पीएसबी सेक्टर तेजी पकड़ने और री-रेटिंग के लिए तैयार है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।