Experts View : निफ्टी ऑल टाइम हाई के लिए तैयार, जानिए किन शेयर और सेक्टर्स में होगी कमाई
Experts View : विदेशी निवेश में तेजी,रुपये में मजबूती,कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और बैंकिंग सेक्टर के बेहतर प्रदर्शन से निकट भविष्य के लिए मार्केट का आउटलुक पॉजिटिव बना हुआ है। हालांकि,ग्लोबल टेक्नोलॉजी शेयरों में उतार-चढ़ाव,अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बनी चिंताएं और भू-राजनीतिक तनाव अभी भी बड़े जोखिम बने हुए हैं
Experts View : भारत का मीडियम टर्म आउटलुक अच्छा लग रहा है बैंकिंग,IT,हेल्थकेयर,ऑटोमोबाइल और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टरों में निवेश के मौके हैं
Experts View : 20 नवंबर को भारतीय इक्विटी बेंचमार्क में लगातार दूसरे सत्र में तेजी देखने को मिली। आईटी, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी के चलते निफ्टी ने 18 फरवरी के बाद पहली बार 25,800 के स्तर को फिर से हासिल कर लिया। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद सेंसेक्स-निफ्टी ने खराब शुरुआत के बाद शानदार रिकवरी की। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 25,345.20 के निचले स्तर तक आ गया था,लेकिन जल्द ही इसमें जोरदार सुधार हुआ और पूरे सेशन के दौरान खरीदारी का दौर जारी रहा। यह दिन के उच्च स्तर 25,808.80 तक पहुंचा और अंत में इसी स्तर के करीब बंद हुआ।
कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 897.96 अंक या 1.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,919.71 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 286.30 अंक या 1.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,800.60 पर बंद हुआ।
इस हफ्ते बाजार
बाजार में लगातार चौथे हफ्ते तेजी रही। यह 5 महीनों में सबसे लंबी तेजी का सिलसिला है। निफ्टी में 4 हफ्तों में 14% से ज्यादा की बढ़त हुई है। 6 सालों में 4 हफ्तों की सबसे बड़ी तेजी देखने को मिली है। निफ्टी बैंक इस हफ्ते 6% और 4 हफ्तों में लगभग 20% चढ़ा है। लार्ज कैप शेयरों ने मिडकैप और स्मॉल कैप शेयरों को काफी पीछे छोड़ दिया। इस हफ्ते निफ्टी और सेंसेक्स दोनों में 2.5% की तेजी आई, जबकि मिडकैप इंडेक्स सपाट रहा और स्मॉल कैप इंडेक्स में 1% की गिरावट आई।
ग्लोबल फंड्स महंगे टेक्नोलॉजी शेयरों से हटकर दूसरे बाजारों की ओर कर रहे रुख
बोनान्ज़ा में रिसर्च एनालिस्ट अभिनव तिवारी का कहना है कि भारतीय इक्विटी बाजार तेजी के साथ बंद हुए। लगातार दूसरे सत्र में भी बढ़त देखने को मिली। बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में जोरदार खरीदारी ने बेंचमार्क इंडेक्सों को रिकवर करने और हरे निशान में बंद होने में मदद की। इस तेजी में बैंकिंग शेयरों का अहम योगदान रहा। निफ्टी बैंक पहली बार 64,400 के स्तर को पार करते हुए एक नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, यूनियन बैंक, HDFC बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक सबसे ज्यादा बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे। FII की ओर से भी अच्छा सपोर्ट मिला। नवंबर में अब तक FII ने भारतीय इक्विटी बाजार में 1.15 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है, जो उनका अब तक का सबसे बड़ा मासिक निवेश है। यह खरीदारी दिखाती है कि ग्लोबल फंड्स महंगे टेक्नोलॉजी शेयरों से हटकर दूसरे बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होकर 93 के स्तर के पार पहुंच गया,जो अप्रैल 2026 के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। वहीं, ब्रेंट क्रूड की कीमत गिरकर लगभग 90 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गई, जिससे महंगाई और भारत के आयात बिल को लेकर बनी चिंताएं कुछ कम हुई हैं। दिवाली के दौरान पेमेंट GMV सालाना 80% की बढ़त के साथ 3,018 करोड़ रुपये तक पहुंचने के बाद 'वन मोबिक्विक सिस्टम्स' (One MobiKwik Systems) के शेयरों में लगभग 4% की तेजी आई। इसके अलावा, NSE लगभग 59.7 अरब अमेरिकी डॉलर के मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा लिस्टेड एक्सचेंज बन गया है।
विदेशी निवेश में तेजी,रुपये में मजबूती,कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और बैंकिंग सेक्टर के बेहतर प्रदर्शन से निकट भविष्य के लिए मार्केट का आउटलुक पॉजिटिव बना हुआ है। हालांकि,ग्लोबल टेक्नोलॉजी शेयरों में उतार-चढ़ाव, अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बनी चिंताएं और भू-राजनीतिक तनाव अभी भी बड़े जोखिम बने हुए हैं।
AI ट्रेड में नरमी आने से भारतीय IT सेक्टर को मिली राहत
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स में हेड ऑफ रिसर्च,विनोद नायर का कहना है कि एशियाई बाजारों में टेक शेयरों में भारी गिरावट के बावजूद,भारतीय इक्विटी मार्केट में तेजी रही। निजी बैंकों ने अपनी शानदार बढ़त जारी रखी। विदेशी निवेशकों ने ग्लोबल AI ट्रेड से पैसा निकालकर इस सेक्टर में निवेश करना जारी रखा,क्योंकि यहां लिक्विडिटी अच्छी है और शेयर फेयर वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहे हैं। AI ट्रेड में नरमी आने से भारतीय IT सेक्टर को भी राहत मिली,क्योंकि इससे पारंपरिक आईटी सर्विसेज में बाधा आने की चिंताएं कम हो गईं।
दूसरी ओर डॉलर के मजबूत होने, फेड (Fed) द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की बढ़ती संभावनाओं और चीन की मांग में सुधार को लेकर अनिश्चितता के कारण मेटल शेयरों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। अक्टूबर के निचले स्तरों से आई तेज रिकवरी के कारण अब वैल्यूएशन का मार्जिन कम हो गया है,जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। हालांकि दिसंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना को बाजार ने शायद पहले ही पचा लिया है। लेकिन ग्लोबल महंगाई और 2027 के लिए फेड के मौद्रिक नीति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में पॉलिसी से जुड़े फैसलों के पहले विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) अपना पैसा लगाने को लेकर और अधिक सतर्क रुख अपना सकते हैं।
बाजार में गिरावट पर खरीदारी की रणनीति करेगी काम
LKP सिक्योरिटीज में टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा का कहना है कि निफ्टी इंडेक्स ने डेली चार्ट पर एक साफ कंसोलिडेशन ब्रेकआउट दिया है और वीकली चार्ट पर एक बुलिश कैंडलस्टिक बनाई है। यह खरीदारी के नए दौर की संभावना को दिखाती है। इसके अलावा, इंडेक्स ने फरवरी 2026 के हाई से अक्टूबर के लो तक के 78.6% फिबोनाची रिट्रेसमेंट लेवल को फिर से हासिल कर लिया है जो इसमें मौजूद मजबूती को दिखाता है।
आगे चलकर, निफ्टी के लिए 26,000 का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस का काम करेगा,जबकि 25,500 एक अहम सपोर्ट बना हुआ है। निफ्टी के 26,500 की ओर बढ़ने की उम्मीद है। इस समय'बाय ऑन डिप्स' की रणनीति अपनाना बेहतर रहेगा।
बैंकिग स्पेस पर बात करते हुए वत्सल भुवा ने कहा कि बैंक निफ्टी में भी जोरदार तेजी देखने को मिली है और यह डेली तथा वीकली दोनों चार्ट पर बुलिश कैंडलस्टिक्स के साथ बंद हुआ है। इंडेक्स ने वीकली चार्ट पर अपने पिछले स्विंग हाई के ऊपर एक निर्णायक ब्रेकआउट दिया है,जो मजबूत बुलिश मोमेंटम का संकेत है।
HDFC बैंक,ICICI बैंक,कोटक महिंद्रा बैंक और SBI जैसे बड़े बैंकिंग शेयरों से मिलने वाला सपोर्ट बहुत अहम है। हालांकि, हाल ही में आई तेज रैली को देखते हुए मौजूदा स्तरों पर नई लॉन्ग पोजीशन लेने से बचना चाहिए। सपोर्ट बेस ऊपर खिसककर 63,500 पर आ गया है,जबकि 65,000 का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस बना हुआ है।
निफ्टी ऑल टाइम हाई की ओर बढ़ने को तैयार
रेलिगेयर ब्रोकिंग में एसवीपी -रिसर्च अजीत मिश्रा का कहना है कि शुक्रवार को हमारे बाजारों में तेजी रही। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद बाजार ने शुरुआती कमजोरी से उबरते हुए मजबूती हासिल की। यह रिकवरी इसलिए भी खास है क्योंकि कई एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली। विभिन्न सेक्टरों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। बैंकिंग, रियल्टी और फाइनेंशियल शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही। जबकि IT शेयरों में भी कुछ सुधार हुआ। ग्लोबल कमोडिटी बाजारों में कमजोरी और AI से जुड़ी मांग को लेकर चिंताओं के चलते मेटल शेयरों पर दबाव बना रहा, वहीं एनर्जी सेक्टर में भी सुस्ती रही। ब्रॉडर मार्केट्स का रुख भी मिला-जुला रहा। मिडकैप शेयरों में मामूली तेजी आई, जबकि स्मॉलकैप शेयरों पर दबाव बना रहा,जो यह दिखाता है कि बाजार में सुधार के दौरान चुनिंदा शेयरों में ही तेजी देखने को मिली।
ग्लोबल मार्केट में अनिश्चित माहौल के बावजूद,विदेशी निवेशकों के लगातार निवेश और कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता के कारण घरेलू बाजार का सेंटिमेंट मजबूत बना रहा। FIIs ने अपनी खरीदारी का सिलसिला जारी रखा। 19 नवंबर को उन्होंने लगभग ₹7,411 करोड़ की शुद्ध खरीदारी की,जिससे नवंबर में कुल निवेश का आंकड़ा 12 अरब अमेरिकी डॉलर के पार पहुंच गया। विदेशी निवेश आने और करेंसी पर दबाव कम होने से रुपया भी मजबूत हुआ और 93 प्रति डॉलर के स्तर को पार कर गया। हालांकि, ग्लोबल टेक्नोलॉजी शेयरों में भारी गिरावट, एशियाई बाजारों में कमजोरी और सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव चिंता के मुख्य कारण बने रहे।
रेट-सेंसिटिव सेक्टरों (खासकर बैंकिंग, फाइनेंस और ऑटो) में लगातार तेजी बनी हुई है। दूसरे सेक्टरों में भी रोटेशनल बाइंग देखने के मिल रही है। इससे पता चलता है कि मौजूदा पॉजिटिव रुझान अभी भी कायम है। अब हमारा अगला लक्ष्य 26,000 का स्तर है, जिसके बाद बाजार 26,341 के आसपास के अपने पिछले रिकॉर्ड हाई को फिर से छू सकता है। सलाह है कि पॉजिटिव लेकिन सेलेक्टिव नजरिया अपनाएं। बाजार में बीच-बीच में आने वाली गिरावट का फायदा उठाकर अच्छे शेयरों को खरीदें और रेट-सेंसिटिव सेक्टरों को प्राथमिकता दें। आने वाले कारोबारी सेशन में रियल्टी सेक्टर भी इस तेजी में शामिल हो सकता है। वहीं, मेटल और IT शेयरों को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि इन पर ग्लोबल इवेंट्स का दबाव बना हुआ है।
भारत का मीडियम टर्म आउटलुक अच्छा, अच्छे फंडामेंटल्स वाली कंपनियों पर करें फोकस
इक्विरस वेल्थ के मैनेजिंग डायरेक्टर अंकुर पुंज का कहना है कि शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजारों में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। बैंकिंग शेयरों की अगुवाई में हुई व्यापक खरीदारी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग 1% की तेजी आई। बैंक निफ्टी में 2.26% की भारी बढ़त वित्तीय शेयरों में लौटी मजबूती को दर्शाती है। आईटी,ऑटो और रियल्टी शेयरों ने भी इस रिकवरी में योगदान दिया।
ग्लोबल टेक्नोलॉजी शेयरों और एशियाई बाजारों में कमजोरी के बीच IT शेयरों में आई खरीदारी,घरेलू बाजार के सेंटीमेंट में मजबूती का संकेत देती है। हालांकि, मेटल, फार्मा और FMCG शेयरों पर लगातार दबाव और साथ ही US फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों की दिशा तथा करेंसी में उतार-चढ़ाव को लेकर अनिश्चितता को देखते हुए सतर्क रुख अपनाना जरूरी है।
भारत का मीडियम टर्म आउटलुक अच्छा लग रहा है। बैंकिंग,IT,हेल्थकेयर,ऑटोमोबाइल और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टरों में निवेश के मौके हैं। निवेशकों को सोच-समझकर चुनाव करना चाहिए और ऐसी कंपनियों पर फोकस देना चाहिए जिनके फंडामेंटल मजबूत हों,जिनकी अर्निंग में टिकाऊ ग्रोथ की उम्मीद हो और जिनका वैल्यूएशन अच्छा हो।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।