Market today : 14 फरवरी को भारतीय इक्विटी इंडेक्स लगातार आठवें कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 199.76 अंक या 0.26 फीसदी गिरकर 75,939.21 पर और निफ्टी 102.15 अंक या 0.44 फीसदी गिरकर 22,929.25 पर बंद हुआ। निफ्टी आज बढ़त के साथ खुला था। हालांकि यह ऊपरी स्तरों पर टिके रहने में असमर्थ रहा और दिन के अंत में 102 अंक नीचे बंद हुआ। डेली चार्ट पर निफ्टी ने पिछले एक महीने में तीसरी बार 22800 के स्विंग लो को टेस्ट किया है।
मिरे एसेट शेयरखान में तकनीकी अनुसंधान विश्लेषक जतिन गेडिया का मानना है कि निफ्टी में गिरावट जारी रहने की संभावना है और आगामी सप्ताह के दौरान 22670 - 22600 के रेंज के निचले सिरे को छू सकता है। ऊपर की ओर निफ्टी के लिए 23000 – 23100 के जोन में रेजिस्टेंस है जो अहम ऑवरली मूविंग एवरेज के साथ मेल खाता है। ये तेजी को सीमित रखेगा। 23000 – 23300 कॉल ऑप्शन स्ट्राइक में ओपन इंटरेस्ट में भारी बढ़त भी बेंचमार्क को दबाव में रखेगा और जब तक कॉल राइटर अनवाइंडिंग नहीं करते,हमें उम्मीद है कि निफ्टी में पुलबैक पर बिकवाली आएगी। कुल मिलाकर बाजार में निगेटिव ट्रेंड बना हुआ है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा। मिलेजुले संकेतों के बीच करीब 0.50 फीसदी की गिरावट आई। शुरुआती तेजी के बाद, निफ्टी ने तेजी से अपना रुख बदला और एक बार फिर 22,800 सपोर्ट जोन को टेस्ट किया किया। हालांकि, बाद में आई रिकवरी ने नुकसान को कम करने में मदद की और निफ्टी 22,929.25 पर बंद हुआ।
एफआईआई की लगातार बिकवाली और मिलेजुले नतीजों के कारण बुल्स रक्षात्मक मुद्रा में आ गए हैं। 22,800 के स्तर को बनाए रखने के प्रयास जारी हैं, लेकिन कुल मिलाकर बाजार की स्थिति आगे और गिरावट आने के संकेत दे रही है। आगे बैंकिंग और आईटी सेक्टर का बाजार की दिशा तय करने में अहम रोल होगा। ट्रेडर्स को ट्रेड मैनेजमेंट पर जोर देते हुए अपनी रणनीतियों को उसकी के मुताबित तय करना चाहिए।
असित सी. मेहता इन्वेस्टमेंट इंटरमीडिएट्स के एवीपी तकनीकी और डेरिवेटिव्स रिसर्च हृषिकेश येदवे का कहना है कि निफ्टी आज बढ़त के साथ खुला,लेकिन इसे बिकवाली के दबाव का सामना करना पड़ा। लेकिन बाद में आई रिकवरी ने नुकसान की कुछ भरपाई की और अंततः निफ्टी निगेटिव रुझान के साथ 22,929 पर बंद हुआ। वोलैटिलिटी इंडेक्स, इंडिया VIX, 15.68 के स्तर नरम पड़ा लेकिन फिर भी ये 0.40 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 15.02 पर बंद हुआ।
तकनीकी रूप से, निफ्टी ने डेली स्केल पर 22,780 के आसपास ट्रिपल बॉटम बनाया है,जो मजबूत सपोर्ट का संकेत देता है। हालांकि,डेली और वीकली चार्ट दोनों पर रेंड कैंडल ऊपर की ओर रिकवरी में ताकत की कमी का संकेत दे रही है। 21-डे सिंपल मूविंग एवरेज (DSMA) 23,260 के आसपास है। ऐसे में 23,260-23,300 के जोन में तत्काल रेजिस्टेंस दिख रहा है। अगर निफ्टी 23,300 से ऊपर जाने में कामयाब रहता है तो निफ्टी में तेजी आ सकती है।
इसी तरह, बैंक निफ्टी ने गैप अप के साथ शुरुआत की। वोलैटिलिटी के कारण मुनाफावसूली देखने को मिली। अंत में बैंक निफ्टी गिरावट के साथ 49,099 पर बंद हुआ। तकनीकी रूप से,बैंक निफ्टी ने डेली और वीकली दोनों चार्ट पर एक रेड कैंडल बनाई है,जो कमजोरी का संकेत है। हालांकि, बैंक निफ्टी 48,700 के वीकली सपोर्ट स्तर को बनाए रखने में कामयाब रहा। 48,700 से नीचे बने रहने से 48,000 की ओर और गिरावट हो सकती है। जबकि 50,000 पर अहम रेजिस्टेंस बना हुआ है। संभावित ट्रेंडिंग के अवसरों के लिए ट्रेडरों को इन स्तरों पर बारीकी से नज़र रखनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।