Federal Bank Share Price: निजी सेक्टर का दिग्गज बैंक फेडरल बैंक (Federal Bank) के शेयर आज डेढ़ फीसदी से अधिक टूट गए। हालांकि ब्रोकरेज के आउटलुक के हिसाब से इस गिरावट को खरीदारी के मौके के तौर पर देखना चाहिए। दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला (Rekha Jhunjhunwala) के पोर्टफोलियो में शामिल इस बैंकिंग शेयर के सितंबर तिमाही के शानदार नतीजे पर घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईडीबीआई कैपिटल ने इसकी खरीदारी की रेटिंग बरकरार रखी है लेकिन टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है। आज शेयरों के चाल की बात करें तो बीएसई पर यह 1.01 फीसदी की गिरावट के साथ 146.85 रुपये पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 1.65 फीसदी टूटकर 145.90 रुपये तक आ गया था।
कितना है Federal Bank का टारगेट प्राइस
सितंबर तिमाही में पूंजी जुटाने के चलते इसके नेट इंटेरेस्ट मार्जिन (NIM) में सुधार दिखा। क्रेडिट ग्रोथ मजबूत बनी रही और सालाना आधार पर लोन बुक 20 फीसदी बढ़ी। मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2024 में 18-20 फीसदी के क्रेडिट ग्रोथ का अनुमान लगाया है। एसेट क्वालिटी में अच्छा-खासा सुधार दिखा और ग्रॉस एनपीए तिमाही आधार पर 2.38 फीसदी से गिरकर 2.26 फीसदी पर आ गया।
स्लिपेज रेश्यो भी तिमाही आधार पर 1.12 फीसदी से गिरकर 0.78 फीसदी पर आ गया। बैंक का फोकस हाई मार्जिन वाले प्रोडक्ट्स पर है। ब्रोकरेज फर्म आईडीबीआई कैपिटल ने इन सब बातों को देखते हुए इसकी खरीदारी की रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 175 रुपये से बढ़ाकर 195 रुपये कर दिया है।
Rekha Jhunjhunwala की कितनी है हिस्सेदारी
सितंबर तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक फेडरल बैंक में रेखा झुनझुनवाला की हिस्सेदारी 2.1 फीसदी है। उन्होंने पिछली तिमाही में अपनी हिस्सेदारी कम की है। जून तिमाही में रेखा की फेडरल बैंक में 2.3 फीसदी हिस्सेदारी थी। इसमें म्यूचुअल फंडों ने भी जमकर पैसे लगाए हैं। मिरे म्यूचुअल फंड, एक्सिस म्यूचुअल फंड और एसबीआई म्यूचुअल फंड समेत 41 म्यूचुअल फंडों की इसमें 35.57 फीसदी हिस्सेदारी है।