भारतीय शेयर बाजारों को लेकर विदेशी संस्थागत निवेशकों का रुख पूरी तरह बदल चुका है। स्टॉक एक्सचेंज के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, नवंबर में एफआईआई ने भारतीय शेयर बाजार में 1,29,579 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। इस हफ्ते यानी 23 से 27 नवंबर के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजार में 17,630 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
30 नवंबर को भी FIIs की खरीदारी जारी रहने की उम्मीद
नवंबर का महीना अभी खत्म नहीं हुआ है। 30 नवंबर यानी सोमवार को भी एफआईआई की खरीदारी जारी रहने की उम्मीद है। इससे नवंबर में उनके कुल निवेश का आंकड़ा बढ़ सकता है। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शायद ही किसी एक महीने में भारतीय बाजार में इनकी खरीदारी की होगी।
27 नवंबर को लगातार 19वें सत्र FIIs ने की खरीदारी
FIIs ने 27 नवंबर यानी शुक्रवार को लगातार 19वें कारोबारी सत्र भारतीय शेयर बाजारों में शुद्ध खरीदारी की। उनकी शुद्ध खरीदारी 1,634 करोड़ रुपये की रही। FIIs की लगातार खरीदारी का असर भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों पर दिखा है। बीते एक महीने में Nifty 12.81 फीसदी चढ़ा है, जबकि सेंसेक्स में 13.78 फीसदी की तेजी आई है।
DIIs ने भी इस हफ्ते 6333 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की
इस हफ्ते विदेशी संस्थागत निवेशकों की अच्छी खरीदारी के बावजूद निफ्टी और सेंसेक्स का प्रदर्शन कमजोर रहा। इसकी वजह घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) की बिकवाली है। एफआईआई की खरीदारी के बीच डीआईआई प्रॉफिट बुकिंग कर रहे हैं। हालांकि, इस हफ्ते उन्होंने शुद्ध रूप से कुल 6,332.90 करोड़ रुपये खरीदारी की। उनकी ग्रॉस खरीदारी 80,502.09 करोड़ रुपये रही, जबकि ग्रॉस बिकवाली 74,169.19 करोड़ रुपये रही।
शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी में 1 फीसदी से ज्यादा गिरावट
एक्सपर्ट्स का कहना है कि शुक्रवार यानी 27 नवंबर को निफ्टी और सेंसेक्स में गिरावट की वजह प्रॉफिट बुकिंग हो सकती है। शुक्रवार को निफ्टी 1.07 फीसदी यानी 277 अंक गिरकर 25,607 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स 1.17 अंक यानी 989 अंक फिसलकर 83,339 पर क्लोज हुआ। बैंक निफ्टी में भी 0.78 फीसदी की गिरावट आई। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी मेटल इंडेक्स में भी अच्छी तेजी दिखी।
इन वजह से भारतीय शेयर बाजार में बढ़ी FIIs की दिलचस्पी
एआई ट्रेड रिवर्सल की वजह से भारतीय शेयर बाजारों में FIIs की दिलचस्पी बढ़ी है। इधर, बीते दो सालों में बड़ी गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार की वैल्यूएशन में कमी आई है। खासकर लॉर्जकैप शेयरों की वैल्यूएशन घटी है। साथ ही सितंबर तिमाही में कंपनियों का प्रदर्शन अच्छा रहा। ज्यादातर कंपनियों की अर्निंग्स ग्रोथ उम्मीद से ज्यादा रही। इसका असर उनके शेयरों पर दिखा है। एक्सपर्ट्स को निफ्टी और सेंसेक्स के जल्द नए हाई पर पहुंच जाने का अनुमान है।