जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) 1 दिसंबर से शेयर बायबैक शुरू करने वाली है। यह ₹600 करोड़ तक का है। कंपनी 6.59 करोड़ तक के फुली पेड अप इक्विटी शेयर, शेयरहोल्डर्स से वापस खरीदेगी। बायबैक प्राइस ₹91 प्रति शेयर तय किया गया है। यह ऑफर उन शेयरधारकों के लिए है, जिनके पास 25 नवंबर, 2026 तक जी एंटरटेनमेंट के शेयर थे। कंपनी का कहना है कि इस बायबैक से पात्र शेयरधारकों को अपने शेयर मौजूदा बाजार कीमत से अधिक पर बेचने का मौका मिलेगा।
बायबैक ऑफर की क्लोजिंग 7 दिसंबर को होगी। स्टॉक एक्सचेंज पर बोलियों का सेटलमेंट 14 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। पात्र शेयरधारक रिकॉर्ड डेट पर अपने पास मौजूद हर 14 शेयरों के बदले लगभग 1 शेयर टेंडर कर सकते हैं, यानि कि बेचने के लिए पेश कर सकते हैं।
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज का कहना है कि शेयर बायबैक का उसके मुनाफे या कमाई पर कोई खास असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। इसकी वजह है कि कंपनी को आंतरिक स्रोतों से फंड मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने यह भी कहा है कि बायबैक से उसके ग्रोथ के अवसरों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कंपनी ने बायबैक के लिए अपने मौजूदा सरप्लस, कैश बैलेंस, निवेश और अन्य आंतरिक स्रोतों से पर्याप्त फंड अलग रखा है। स्पष्ट किया है कि इसके लिए उधार लिए गए फंड का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
ZEEL के प्रमोटर बायबैक में नहीं लेंगे हिस्सा
जी एंटरटेनमेंट के प्रमोटर्स और प्रमोटर समूह ने इस बायबैक ऑफर में हिस्सा न लेने का फैसला किया है। अगर सभी पात्र शेयरधारक अपनी पात्रता के अनुसार अपने शेयर पेश करते हैं और बायबैक पूरी तरह से स्वीकार कर लिया जाता है, तो प्रमोटर और प्रमोटर समूह की हिस्सेदारी बढ़कर 4.28 प्रतिशत हो सकती है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 3.99 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 96.01 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
शेयर 3 साल में 73 प्रतिशत टूटा
Zee Entertainment Enterprises का शेयर शुक्रवार, 27 नवंबर को BSE पर 67.05 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 6400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह 3 महीनों में 35 प्रतिशत नीचे आया है। 3 साल में 73 प्रतिशत कमजोर हुआ है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 118.40 रुपये और एडजस्टेड लो 60.63 रुपये है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में ZEEL का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट (कंपनी के मालिकों के लिए) सालाना आधार पर 37.5 प्रतिशत घटकर 47.8 करोड़ रुपये रह गया। कुल कंसोलिडेटेड आय 12.6 प्रतिशत बढ़कर 2,247.2 करोड़ रुपये हो गई। कुल खर्च एक साल पहले के मुकाबले 16.15 प्रतिशत बढ़कर 2,184.1 करोड़ रुपये के रहे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।