Bosch Ltd का स्टॉक स्प्लिट होने वाला है। साथ ही कंपनी बोनस शेयर भी बांटने जा रही है। इन दोनों कॉरपोरेट एक्शंस के लिए रिकॉर्ड डेट 23 दिसंबर 2026 तय की गई है। Bosch Ltd, जर्मनी की मल्टीनेशनल इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी कंपनी Robert Bosch GmbH की इंडिया यूनिट है। भारत में बॉश, मोबिलिटी सॉल्यूशंस, इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी, कंज्यूमर गुड्स और एनर्जी एंड बिल्डिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी और सर्विसेज की सप्लाई करती है। जर्मनी की बॉश रेवेन्यू के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी ऑटोमोटिव सप्लायर है। यह स्पार्क प्लग से लेकर ऑटोमेटेड ड्राइविंग सॉफ्टवेयर तक सब कुछ बनाती है।
सबसे पहले बात करते हैं स्टॉक स्प्लिट की। इसके तहत बॉश का 10 रुपये फेस वैल्यू वाला एक शेयर 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में टूट जाएगा। स्टॉक स्प्लिट में एक कंपनी अपने मौजूदा शेयरों को छोटे टुकड़ों में तोड़ देती है। इससे निवेशकों के पास शेयरों की संख्या बढ़ जाती है लेकिन उसी अनुपात में प्रति शेयर कीमत घट जाती है। निवेशकों के निवेश की कुल वैल्यू नहीं बदलती। इस कदम का मकसद शेयरों को किफायती बनाना होता है। बहुत ज्यादा कीमत वाले शेयर छोटे निवेशकों की पहुंच से बाहर हो जाते हैं।
स्टॉक के 5 छोटे टुकड़ों में टूटने के बाद बॉश लिमिटेड अपने शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर 1 शेयर पर इतनी ही फेस वैल्यू के 3 नए शेयर बोनस के तौर पर देगी। बोनस शेयरों के अलॉटमेंट की तारीख 24 दिसंबर है। इनमें 28 दिसंबर से ट्रेडिंग की जा सकेगी। इससे पहले कंपनी ने साल 1986 में बोनस शेयर दिए थे। उस वक्त शेयरहोल्डर्स को हर 1 शेयर पर 1 नया शेयर फ्री मिला था।
बॉश के शेयर में 27 नवंबर को हल्की तेजी है। BSE पर शेयर 49101.90 रुपये पर है। कंपनी का मार्केट कैप 1.44 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 6 महीनों में 36 प्रतिशत और 2 साल में 133 प्रतिशत मजबूत हुआ है। 5 साल में कीमत 200 प्रतिशत उछली है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में बॉश लिमिटेड का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 6,164.10 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 674.60 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग्स 228.72 करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान बॉश का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 20,034.70 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 2,770.30 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग्स 939.28 करोड़ रुपये रही थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।