शुक्रवार, 27 नवंबर को भारतीय शेयर बाजारों में तगड़ी गिरावट है। लेकिन इस बीच डिफेंस शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। कीमतों में 17 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया गया। निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स लगभग 4 प्रतिशत तक चढ़ा। इंडेक्स लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त में है। निवेशकों की गहरी दिलचस्पी, शेयरों से जुड़ी गतिविधियों, नए ऑर्डर और वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही के लिए पॉजिटिव ग्रोथ आउटलुक के कारण डिफेंस स्टॉक्स में अच्छी तेजी देखी गई।
सबसे ज्यादा उछाल BEML Limited में दिखा। इसके शेयर दिन में पिछले बंद भाव से 17 प्रतिशत तक उछले। इसने NSE पर 2,378 रुपये पर 52-सप्ताह का नया हाई क्रिएट किया। इसी तरह पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलोजीस में करीब 6 प्रतिशत, सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया में 6 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी है। गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स, डेटा पैटर्न्स इंडिया, भारत डायनैमिक्स लिमिटेड में 5 प्रतिशत का उछाल है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयर 4 प्रतिशत बढ़त में हैं।
डिफेंस स्टॉक्स में तेज उछाल रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के हालिया बयानों के बाद आया है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय वित्त वर्ष 2028 के लिए डिफेंस कैपिटल एक्सपेंडिचर में 20 प्रतिशत की वृद्धि की मांग कर रहा है। यह भी बताया कि एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोग्राम के विजेता की घोषणा लगभग एक महीने के अंदर कर दी जाएगी। AMCA प्रोग्राम के लिए प्राइवेट सेक्टर के 3 कंसोर्शियम (समूह) प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इनमें L&T-भारत इलेक्ट्रॉनिक्स-भारत डायनैमिक्स कंसोर्शियम, भारत फोर्ज-BEML-डेटा पैटर्न्स कंसोर्शियम, और एक स्वतंत्र बोलीदाता के रूप में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स शामिल हैं।
सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया में तेजी की वजह
एक डेवलपमेंट यह भी है कि सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया की सहायक कंपनी 'सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड' ने 'भार्गवास्त्र' के इन-हाउस डेवलपमेंट ट्रायल पूरे कर लिए हैं। इसके चलते सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया के शेयरों में तेजी आई। 'भार्गवास्त्र' स्वदेशी तकनीक से विकसित एक टू लेयर, व्हीकल माउंटेड 'काउंटर-स्वार्म ड्रोन सिस्टम' है। इस सिस्टम में 64-ट्यूब वाला एयर डिफेंस रॉकेट लॉन्चर (वर्जन-I) और 64-माइक्रो-मिसाइल लॉन्चर (वर्जन-II) शामिल हैं। इसमें कई ड्रोनों को निशाना बनाने के लिए ऑटोनॉमस गाइडेंस और इन्फ्रारेड सीकर लगे हैं।
ब्रोकरेज फर्म एलारा कैपिटल ने HAL के शेयरों पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 6,000 रुपये से बढ़ाकर 6,270 रुपये कर दिया है। इसे भी कंपनी के शेयरों में उछाल की एक अहम वजह माना जा रहा है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।