भारतीय शेयर बाजारों में 27 नवंबर को गिरावट लौटी है और यह बढ़ रही है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों फिसले हैं। सेंसेक्स पिछले बंद भाव से 781.5 अंक तक लुढ़ककर 83,547.09 के लो तक गया। इसी तरह निफ्टी भी पिछले क्लोजिंग प्राइस से 217.75 अंक तक टूटकर 25,666.75 के लो तक गया। गुरुवार को सेंसेक्स 390.31 अंक या 0.46 प्रतिशत बढ़कर 84,328.59 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 65.25 अंक या 0.25 प्रतिशत बढ़कर 25,884.50 पर बंद हुआ था। आइए जानते हैं शुक्रवार को आई गिरावट के अहम कारण...
शेयर बाजार में बुधवार और गुरुवार को लगातार दो सत्रों में तेजी रही थी। लिहाजा आज की गिरावट की एक वजह निवेशकों की ओर से ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग) को भी माना जा रहा है। इस हफ्ते अब तक निफ्टी और सेंसेक्स में लगभग 0.2 प्रतिशत की बढ़त देखी गई है। पिछले चार हफ्तों में लगभग 15 प्रतिशत की तेजी के बाद अब बाजार में कंसोलिडेशन देखने को मिल रहा है।
कच्चे तेल की तेजी भी भारतीय शेयर बाजार में गिरावट की एक अहम वजह है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 97 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में टैंकरों पर हो रहे हमलों और सऊदी अरब के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों ने वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का एक बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। इसलिए तेल का महंगा होना भारतीय बाजार पर दबाव बढ़ा देता है।
IT शेयरों में बिकवाली का दबाव
पिछले चार कारोबारी सत्रों में IT शेयरों में दिखी तेजी से निवेशकों मुनाफावसूली कर रहे हैं। निफ्टी IT इंडेक्स में 1.7 प्रतिशत की गिरावट है।
शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 24 पैसे गिरकर 92.62 पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती के कारण रुपये में यह गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे गिरकर 92.38 पर बंद हुआ था। वहीं बुधवार को इसमें 65 पैसे की तेजी आई थी, जिससे यह चालू वित्त वर्ष के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।