भारतीय शेयर बाजार तेजी के लंबे सफर के लिए तैयार, Nifty अगले साल 29000 पर होगा, जेपी मॉर्गन ने बताई इसकी वजह

JP Morgan ने 27 नवंबर यानी शुक्रवार को अपनी India Equity Strategy रिपोर्ट पेश की। इसमें एनालिस्ट राजीव बत्रा और रुशित मेहता ने भारतीय बाजार को लेकर अपना नजरिया पेश किया। उनका मानना है कि तेजी की स्थिति में निफ्टी 31,000 तक पहुंच सकता है

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 11:39 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
नवंबर में बाजार में अच्छी तेजी दिखी है, जिससे निफ्टी अपने ऑल-टाइम हाई के करीब पहुंच गया है।

भारतीय शेयर बाजार तेजी के लंबे सफर के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंकिंग फर्म जेपी मॉर्गन का मानना है कि अगले साल के अंत तक निफ्टी 29,000 के लेवल पर होगा। इसका मतलब है कि मौजूदा स्तर से निफ्टी में करीब 12 फीसदी का उछाल आ सकता है। पिछले कुछ सत्रों में बाजार में तेजी लौटी है। निफ्टी अपने ऑल-टाइम हाई की तरफ बढ़ रहा है।

तेजी की स्थिति में 31000 तक पहुंच सकता है निफ्टी

JP Morgan ने 27 नवंबर यानी शुक्रवार को अपनी India Equity Strategy रिपोर्ट पेश की। इसमें एनालिस्ट राजीव बत्रा और रुशित मेहता ने भारतीय बाजार को लेकर अपना नजरिया पेश किया। उनका मानना है कि तेजी की स्थिति में निफ्टी 31,000 तक पहुंच सकता है। बेस केस में यह 29,000 तक जा सकता है। स्थितियां कमजोर रहने पर यह 22,000 तक फिसल सकता है।


बत्रा और मेहता ने कहा है कि भारत में निजी क्षेत्र के पूंजीगत खर्च (Private Capex) में काफी तेजी आई है। इससे शेयर बाजारों को काफी सपोर्ट मिलेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, कैपेक्स की तेजी अब केवल कुछ बड़ी कंपनियों और कारोबारी समूहों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसका दायरा मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों तक भी फैल रहा है।

FY22 से FY26 के बीच निजी कैपेक्स में सालाना 14% की बढ़ोतरी

JP Morgan के मुताबिक, करीब 15,000 गैर-वित्तीय और गैर-सरकारी कंपनियों (लिस्टेड और अनलिस्टेड दोनों) का कैपेक्स वित्त वर्ष 2022 से वित्त वर्ष 2026 के बीच सालाना औसतन 14 फीसदी की दर से बढ़ा है। यह कोविड की महामारी के दौरान बने निचले स्तर से दोगुना है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अनलिस्टेड कंपनियों का योगदान भारत के निजी कैपेक्स में हर साल आधे से ज्यादा रहता है। इनमें बड़े कारोबारी समूहों की टेलीकॉम और रिटेल कंपनियों के साथ ग्लोबल टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों की भारतीय इकाइयां शामिल हैं। ऐसे में केवल शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियों के आंकड़ों से देश में कैपेक्स की वास्तविक तस्वीर पूरी तरह सामने नहीं आती।

मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में ज्यादा तेजी

इस रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में लिस्टेड स्मॉलकैप कंपनियों का कैपेक्स 18 फीसदी बढ़ा। यह सबसे बड़ी कंपनियों की कैपेक्स ग्रोथ से दोगुना था। इसके अलावा, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में टॉप 50 मिडकैप और स्मॉलकैप कैपेक्स करने वाली कंपनियों ने अपने पूंजीगत खर्च में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी की है।

यह भी पढ़ें: Mahanadi Coalfields IPO Listing: कोल इंडिया की सब्सिडियरी की ठंडी शुरुआत, 2% तक घाटे में लिस्ट

रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 2,350 लिस्टेड कंपनियों के कैश फ्लो आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में उनका कैपेक्स सालाना आधार पर 25 फीसदी बढ़ा। पिछले पांच वर्षों में हर साल आधे से ज्यादा लिस्टेड कंपनियों ने अपना कैपेक्स बढ़ाया है।

सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और डिफेंस सेक्टर में भी निवेश बढ़ा

सरकार की प्रोत्साहन स्कीम से नए और उभरते सेक्टरों में भी कैपेक्स तेजी से बढ़ रहा है। इनमें सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स, पावर इक्विपमेंट, डेटा सेंटर, डिफेंस और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) जैसे सेक्टर शामिल हैं। JP Morgan के अनुमान के मुताबिक, इन सेक्टरों में वित्त वर्ष 2026 के दौरान कैपेक्स करीब 30 फीसदी बढ़ा। इससे पहले वित्त वर्ष 2025 में भी इन क्षेत्रों में कैपेक्स में 35 फीसदी की वृद्धि हुई थी। यह पारंपरिक उद्योगों की तुलना में दोगुने से ज्यादा की रफ्तार है।

ये फैक्टर्स बाजार की तेजी के लिए बड़े रिस्क

हालांकि JP Morgan ने बाजार के सामने कुछ जोखिमों का भी जिक्र किया है। इनमें एनर्जी, सीमेंट और टेलीकॉम जैसी बड़ी कंपनियों की ओर से कैपेक्स में कटौती शामिल है। इसके अलावा, छोटी कंपनियों के लिए कर्ज की लागत बढ़ना, खाद्य महंगाई का ऊंचे स्तर पर बने रहना और भारत या अमेरिका में ब्याज दरों में बढ़ोतरी भी बाजार की तेजी को प्रभावित कर सकती है।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।