Kalyan Jewellers Share Price : शुक्रवार, 27 नवंबर को शुरुआती कारोबार में कल्याण ज्वैलर्स इंडिया के शेयर 3.3 प्रतिशत बढ़कर 661 रुपये पर पहुंच गए। ब्रोकरेज फर्म HSBC का कहना है कि हाई बेस के बावजूद आभूषणों की मांग मजबूत बनी हुई है। ब्रोकरेज फर्म ने कंपनी के किफायती सोने के आभूषण ब्रांड, 'अक्षय थंगा मलगाई' (ATM) की विकास संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला है। कल्याण ज्वैलर्स का शेयर आज टॉप मिडकैप गेनर्स में शामिल है। इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 68,300 करोड़ रुपये है। इस साल अब तक इसके शेयर में 36.9 प्रतिशत की तेजी आई है, जबकि बेंचमार्क निफ्टी 50 में 1.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
HSBC ने कल्याण ज्वेलर्स को बाय रेटिंग देते हुए प्रति शेयर 830 रुपये का टारगेट तय किया है। इसका अर्थ है कि इसमें गुरुवार के बंद भाव से लगभग 30 प्रतिशत की तेजी आ सकती है। ब्रोकरेज फर्म ने अक्षय थंगा मलगाई (ATM) के किफायती मेकिंग चार्ज का हवाला देते हुए कहा कि इस ब्रांड के मजबूत प्रदर्शन से मौजूदा अनुमान से अधिक फायदा हो सकता है। कंपनी की कमाई में अक्षय थंगा मलगाई का अहम योगदान होगा।
कल्याण ज्वैलर्स में हिस्सेदारी बिक्री पर चल रही बात
इस हफ्ते की शुरुआत से ही शेयर में तेजी है। मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक कल्याण ज्वैलर्स अपनी सब्सिडियरी कंपनियों (कैंडरे (Candere) और अक्षय थंगा मलगाई) में माइनॉरिटी हिस्सेदारी बेचकर लगभग 2,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए कई प्राइवेट इक्विटी फर्मों के साथ बातचीत कर रही है। इन फर्मों में कंपनी के पूर्व निवेशक वारबर्ग पिंकस (Warburg Pincus) भी शामिल हैं।
अगर कोई करार हो जाता है तो कल्याण ग्रुप में वारबर्ग पिंकस की वापसी होगी। अगस्त 2024 में, वारबर्ग पिंकस ने कल्याण ग्रुप से पूरी तरह बाहर निकलने की प्रक्रिया पूरी की थी, जिसके दो साल से भी अधिक समय बाद अब यह फिर से वापस आ रही है। वारबर्ग पिंकस ने 2014 और 2017 के बीच दो चरणों में लगभग 1,700 करोड़ रुपये का निवेश किया था। इस निवेश ने कल्याण ज्वैलर्स को अपने दक्षिण भारतीय आधार से आगे बढ़कर उत्तर और पश्चिम भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी विस्तार करने में मदद की थी।
कल्याण ज्वैलर्स के Q2 नतीजों पर एक नजर
सितंबर तिमाही में कल्याण ज्वैलर्स के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 63.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली थी। इस अवधि में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 260.51 करोड़ रुपये से बढ़कर 427 करोड़ रुपये रहा था। इस तिमाही में कंपनी को अपनी इस्तेमाल न हो रही जमीन को बेचने से 73 करोड़ रुपये का फायदा हुआ था। अगर इस लाभ को हटा दें तो इसका नेट प्रॉफिट लगभग 36 प्रतिशत बढ़कर करीब 354 करोड़ रुपये रहा था।
वहीं, कंपनी की कंसोलीडेटेड आय सालाना आधार पर 31.4 प्रतिशत बढ़कर 10,323 करोड़ रुपये रही थी, जो एक साल पहले 7,856 करोड़ रुपये था। इस तरह कंपनी की आय ने 10,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर लिया। नतीजों के बाद, UBS ने इस शेयर पर अपनी 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी थी और इसका टारगेट प्राइस 900 रुपये प्रति शेयर तय किया था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।